मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की पार्टी ने पाकिस्तान में लड़ा उपचुनाव, 30 हजार से ज्यादा वोट पाकर भी नहीं जीत सकी सीट
इस्लामाबाद: मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद से जुड़ी राजनीतिक पार्टी ने पाकिस्तान के उपचुनाव में अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा। पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले की NA-77 सीट पर हुए चुनाव में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने जीत दर्ज की। हालांकि, हाफिज सईद से जुड़ी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के उम्मीदवार को 30 हजार से अधिक वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।PML-N के उम्मीदवार ने दर्ज की जीत
रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित गुजरांवाला जिले की NA-77 संसदीय सीट सांसद महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर रविवार को उपचुनाव कराया गया।
नतीजों में PML-N के उम्मीदवार रशीद बशीर विर्क ने 43 हजार से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं, हाफिज सईद से जुड़ी PMML के उम्मीदवार मोहम्मद इब्राहिम गुर्जर को 30 हजार से ज्यादा वोट मिले। वह दूसरे स्थान पर रहे।
हाफिज सईद से जुड़ी पार्टी को मिले 30 हजार से ज्यादा वोट
चुनाव में हार के बावजूद PMML उम्मीदवार को मिले वोटों की संख्या ने पाकिस्तान की राजनीति में इस पार्टी की मौजूदगी को चर्चा में ला दिया है। पार्टी पर हाफिज सईद और उसके प्रतिबंधित संगठनों से संबंध रखने के आरोप लगते रहे हैं।
हाफिज सईद पहले मिल्ली मुस्लिम लीग नाम की राजनीतिक पार्टी से जुड़ा था। बाद में पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के जरिए राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की गई। इस पार्टी ने 2024 के पाकिस्तान आम चुनाव में भी उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे कोई सीट नहीं मिली थी।

लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा का सरगना रहा है हाफिज
हाफिज सईद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जमात-उद-दावा (JuD) का सरगना रहा है। उसे 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है। उसके नाम से जुड़ी राजनीतिक गतिविधियां लंबे समय से पाकिस्तान में चर्चा का विषय रही हैं।
PTI और PPP ने उपचुनाव में नहीं उतारे उम्मीदवार
NA-77 सीट पर हुए उपचुनाव में पाकिस्तान की कई प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और जमात-ए-इस्लामी शामिल हैं।
इस वजह से मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ PML-N और हाफिज सईद से जुड़ी PMML के उम्मीदवार के बीच रहा। अंत में रशीद बशीर विर्क ने जीत हासिल की, जबकि मोहम्मद इब्राहिम गुर्जर दूसरे स्थान पर रहे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
