तेलंगाना के चार्लापल्ली स्टेशन पर खड़ी खाली ट्रेन में भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक हुए 7 कोच
हैदराबाद: तेलंगाना के चार्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां मरम्मत के लिए खड़ी एक खाली ट्रेन के कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रेन के सात कोच इसकी चपेट में आकर जल गए। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि ट्रेन खाली होने के कारण किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।शाम 6:30 बजे लगी आग, सात कोच तक पहुंचीं लपटें
दक्षिण मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच रखरखाव के लिए खड़े एक खाली कोच में आग लगी थी। शुरुआत में आग एक ही कोच तक सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटें आसपास के डिब्बों तक फैल गईं। देखते ही देखते कुल सात कोच आग की चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
बिजली आपूर्ति बंद कर ट्रेन के कोच किए गए अलग
आग को फैलने से रोकने के लिए रेलवे प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा गया और संबंधित हिस्से की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके साथ ही आग से प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग कर दिया गया, ताकि अन्य डिब्बों तक आग न पहुंच सके।
दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद शाम करीब 7:15 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की।

कोई हताहत नहीं, आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं
इस घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है। ट्रेन मरम्मत के लिए खड़ी थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। हालांकि, आग लगने की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
