Tuesday, November 24, 2026
Latest:
देश

भाजपा के गढ़ नागपुर में कॉकरोचों की रैली, संविधान दिवस पर अभिजीत दीपके दिखाएंगे सियासी ताकत

नागपुर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के नागपुर में रैली करने का ऐलान किया है। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे संविधान चौक पर आयोजित किया जाएगा। रैली के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ का नारा दिया गया है।

अभिजीत दीपके ने लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रैली का पोस्टर साझा किया है, जिसमें भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है।

दीपके ने अपनी पोस्ट में कहा कि संविधान दिवस पर सभी लोग एक साथ आकर लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को नागपुर में लोगों से मुलाकात होगी।

गोवा में बीजेपी सरकार पर लगाए थे वोट चोरी के आरोप

अभिजीत दीपके की यह रैली ऐसे समय में हो रही है, जब वह हाल ही में गोवा के पणजी में जनसभा कर चुके हैं। 22 नवंबर को आयोजित इस सभा में उन्होंने केंद्र और गोवा की भाजपा सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाए थे।

उन्होंने दावा किया था कि सरकार आम लोगों से जुड़े मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। माना जा रहा है कि नागपुर की रैली में भी दीपके भाजपा पर इसी तरह के आरोप लगा सकते हैं।

इससे पहले सीजेपी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। पार्टी लगातार चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधती रही है।

भाजपा के मजबूत गढ़ नागपुर को ही क्यों चुना

अभिजीत दीपके ने रैली के लिए नागपुर का चुनाव किया है, जिसे राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। नागपुर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी यहीं स्थित है।

भाजपा के लिए नागपुर लंबे समय से मजबूत राजनीतिक आधार वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। ऐसे में संविधान दिवस के मौके पर इसी शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारे के साथ रैली करने को राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि हाल ही में नागपुर में हुए विधान परिषद चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराया था। वंजारी ने लगातार दूसरी बार नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी।

नागपुर में भाजपा के प्रदर्शन पर उठे सवाल

नागपुर विधान परिषद चुनाव में भाजपा की हार इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि पार्टी ने इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, नितिन गडकरी और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार अभियान में हिस्सा लिया था।

इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के पीछे उम्मीदवार चयन को लेकर नाराजगी, पार्टी के अंदर गुटबाजी और बागी उम्मीदवारों की भूमिका को अहम कारण माना गया। ऐसे में अभिजीत दीपके की नागपुर रैली को भाजपा के मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में एक राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be