अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान की करी समीक्षा


बरेली, 22अप्रैल। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में कल विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने समस्त एम.ओ.आई.सी. को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अस्पतालों में हीट वेव से बचाव हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग सीधे विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा की जा रही है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही ना बरती जाए।
बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई (बुश कटिंग), एंटी लार्वा का छिड़काव तथा फॉगिंग कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, जिससे मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन हैंडपंपों से दूषित पानी आ रहा है, उनका चिन्हांकन कर लाल निशान लगाया जाए और स्थानीय लोगों को उस पानी के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया जाए।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि एंटी लार्वा स्प्रे करने वाले कर्मियों को इसकी सही मात्रा और तकनीक की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने एम.ओ.आई.सी. को प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सी.डी.पी.ओ. को निर्देशित किया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा बहुओं द्वारा नियमित फील्ड विजिट कर निगरानी की जाए।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में बच्चों को पूरी बांह के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की फील्ड गतिविधियों की फीडिंग ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर पांडे, समस्त एम.ओ.आई.सी. सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
