Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

भीषण बिजली कटौती के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, बार एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा : जनपद में लगातार हो रही भीषण विद्युत कटौती और अव्यवस्थित बिजली आपूर्ति को लेकर गोण्डा बार एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि चंद्र त्रिपाठी और महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित लापरवाही पर प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग की गई।

न्यायिक कार्य और जनजीवन पर पड़ रहा असर

बार एसोसिएशन ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार और अनियमित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका असर न्यायालयों में होने वाले कार्यों पर भी पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक जीवन की गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं।

अधिवक्ताओं का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करना बेहद आवश्यक है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवश्यक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

कई अधिवक्ता रहे मौजूद

जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्मानंद सिंह, शिशिर, शिवम त्रिपाठी, राजेश कुमार, सुधीर सिंह, अतुल तिवारी, संदीप पाण्डेय, भगवती प्रसाद पाण्डेय, संतोषीलाल तिवारी, विवेक सिंह और राम फेर प्रजापति सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर जनपद की बिजली व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------