Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

डॉ. अनिल कुमार यादव ने रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक का पदभार ग्रहण किया

बरेली, 11जून।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के नवागत परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सिंह ने डॉ. यादव को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ. अनिल कुमार यादव ने कल विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग, गोपनीय विभाग, अति गोपनीय विभाग, चार्ट रूम सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से भेंट कर उन्हें प्रोत्साहित किया कि वे सभी कार्यों को छात्रहित में शीघ्रता से निष्पादित करें तथा विश्वविद्यालय के उन्नति में अपना पूरा योगदान दें।

डॉ. यादव ने अपनी पीएच.डी. की डिग्री मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एम.एन.एन.आई.टी.) इलाहाबाद से पूर्ण की है तथा एम.टेक (आई.टी.) की डिग्री इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से प्राप्त की है।

इससे पूर्व डॉ. यादव ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सी.एस.जे.एम.) कानपुर में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) का पद भी संभाला था तथा चौधरी चरण सिंह (सी.सी.एस.) विश्वविद्यालय, मेरठ में भी कार्यरत रहे हैं। उनका यह व्यापक अनुभव विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा।

कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि “डॉ. अनिल कुमार यादव का परीक्षा नियंत्रक के रूप में आना विश्वविद्यालय के लिए स्वागत योग्य है। उनके अनुभव और समर्पण से छात्रहित में पारदर्शी, त्वरित एवं सुदृढ़ परीक्षा प्रणाली के विकास में मदद मिलेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन बखूबी करेंगे।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------