भारत-नेपाल सीमा निरीक्षण के बाद एडीजी गोरखपुर जोन ने गोण्डा पुलिस लाइन में की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

गोण्डा : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक और पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल भी मौजूद रहे।

सीमा सुरक्षा और निगरानी की ली गई समीक्षा
एडीजी ने जनपद बहराइच के थाना रूपईडीहा क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा निगरानी का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसके बाद गोण्डा पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की गई।
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही बीट पुलिसिंग, रात्रि गश्त और आगामी पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर
एडीजी ने पुलिसिंग में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य सहित अन्य तकनीकी साधनों के अधिक प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।

जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बैठक में एडीजी ने जनसुनवाई को प्राथमिकता देने, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिसिंग में संवेदनशीलता और बेहतर व्यवहार पर बल
एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाए रखने और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी/पश्चिमी), समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
