Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

BBAU और NSE के बीच हुआ समझौता, विद्यार्थियों को शेयर बाजार से लेकर निवेश तक की मिलेगी व्यावहारिक जानकारी

 लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE), मुंबई के बीच 22 अक्टूबर को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ-साथ वित्तीय नियोजन, निवेश और शेयर बाजार की व्यावहारिक समझ विकसित करना है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को म्यूचुअल फंड, आईपीओ, बचत, बजट निर्माण और निवेशकों के अधिकारों जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि इससे विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताई साझेदारी की अहमियत

समझौता कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविष्कार नायक, उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह तथा उत्तर प्रदेश की स्टेट हेड श्रुति शर्मा मौजूद रहीं।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र की बारीकियां समझने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। वर्तमान समय में वित्तीय जागरूकता और निवेश की समझ प्रत्येक विद्यार्थी के लिए जरूरी है। इस पहल के तहत विशेष रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, शेयर बाजार और निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के योग्य शिक्षक इस कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इससे विद्यार्थियों में सीखने के साथ कमाई करने की क्षमता विकसित होगी। साथ ही वे रोजगार के नए अवसरों को पहचानने और भविष्य में बेहतर वित्तीय निर्णय लेने के लिए भी तैयार हो सकेंगे। कुलपति ने इस पहल के लिए विश्वविद्यालय और एनएसई की टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक, कुशल और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।

बजट, बचत और निवेश से जुड़े विषयों की मिलेगी जानकारी

बीबीएयू और एनएसई के बीच हुए समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य संबंधित वर्गों के बीच वित्तीय साक्षरता तथा वित्तीय बाजार के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। इसके तहत विद्यार्थियों को बजट तैयार करने, बचत करने, वित्तीय नियोजन और निवेश के विभिन्न विकल्पों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ), प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) और ऋण प्रतिभूतियों जैसे विषय शामिल होंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों को निवेशकों के हितों की सुरक्षा, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की भूमिका, नियामक व्यवस्था तथा निवेश से जुड़ी शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

शिक्षकों को भी मिलेगा प्रशिक्षक बनने का अवसर

इस समझौते के अंतर्गत विश्वविद्यालय योग्य शिक्षकों और अन्य पात्र व्यक्तियों को पार्टनर ट्रेनर के रूप में नामित करेगा। निर्धारित योग्यता और प्रमाणन मानकों को पूरा करने के बाद ये प्रशिक्षक विद्यार्थियों तथा अन्य लक्षित समूहों के लिए वित्तीय शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर सकेंगे।

इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य प्रशिक्षित प्रशिक्षकों का मजबूत समूह तैयार करना है, ताकि विश्वविद्यालय परिसर से आगे भी वित्तीय जागरूकता का विस्तार किया जा सके। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार, निवेश के विकल्पों को समझने और सोच-समझकर आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी प्रो. सनातन नायक, रिसर्च एंड डेवलपमेंट के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा, डॉ. सुभाष मिश्रा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के बीच यह सहयोग विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ वित्तीय बाजार की व्यावहारिक समझ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be