Saturday, May 30, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

ईरान हमलों पर अखिलेश यादव की कड़ी प्रतिक्रिया, स्कूल पर हमले को बताया निंदनीय; पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईरान में हुए हमलों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई पर हुए इजराइली-अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में खामेनेई की मौत होने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

अखिलेश यादव ने ईरान के मीनाब शहर के एक स्कूल पर हुए घातक हमले की भी निंदा की है। इस हमले में 165 छात्राओं की मौत होने की खबर सामने आई है। सपा प्रमुख ने इसे बेहद दुखद और निंदनीय घटना बताया।

सोशल मीडिया पर जताया विरोध

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि समाजवादी पार्टी दोनों घटनाओं की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिनेवा कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय कानून ऐसे ही हालात में मानव जीवन की रक्षा के लिए बनाए गए हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं इन नियमों की गंभीर अनदेखी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि हमले में मारे गए लोगों की शहादत को नमन करते हुए पार्टी सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

उत्तर प्रदेश में कई जगह हुए प्रदर्शन

ईरान में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले। एक मार्च से लखनऊ, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर और रायबरेली समेत प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।

इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और ईरान में हुए हमलों को लेकर नाराजगी जताई गई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------