अलीगढ़ को मिला 462 करोड़ का विकास पैकेज, सीएम योगी बोले- रक्षा उत्पादन का पावरहाउस बनेगा शहर, विकास नहीं रुकेगा
अलीगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अलीगढ़ में विकास की रफ्तार किसी भी कीमत पर नहीं थमेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की मंजूरी मिलने के बाद अलीगढ़ देश के रक्षा उत्पादन और आपूर्ति तंत्र का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ और कोल विधानसभा क्षेत्रों में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।

राजा महेंद्र प्रताप और कल्याण सिंह को किया नमन
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत ने इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान दिलाई है। बाबा खेरेश्वर महादेव, बाबा अखिलेश्वर महादेव समेत अनेक पौराणिक स्थलों ने जनपद की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जबकि स्वर्गीय कल्याण सिंह ने एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अलीगढ़ और प्रदेश को नई पहचान दिलाने का काम किया।
ताला नगरी से रक्षा उत्पादन केंद्र तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ के कारीगरों और उद्यमियों ने अपनी मेहनत से इस शहर को ताला नगरी और हार्डवेयर उद्योग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित किया। अब डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के माध्यम से अलीगढ़ रक्षा क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हथियारों और सैन्य उपकरणों के निर्माण में अलीगढ़ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। आने वाले समय में यह जनपद रक्षा उत्पादन का प्रमुख हब बनकर उभरेगा।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में तेजी से बढ़ रहीं सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य पूरा किया जा चुका है। विश्वविद्यालय में लगातार नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और इसे आधुनिक शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक स्तर पर विकास कार्य चल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा अकेले अलीगढ़ क्षेत्र में लगभग 2800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

हाईवे, रिंग रोड, फ्लाईओवर और अस्पतालों पर तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से 6-लेन हाईवे निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा रिंग रोड, फ्लाईओवर, पॉलिटेक्निक संस्थान, अस्पताल, कॉलेज और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े विकास कार्य तभी संभव होते हैं जब जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करे जिनके पास विकास का स्पष्ट दृष्टिकोण हो और जो क्षेत्र की जरूरतों को समझते हों।
विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन विकास और विरासत दोनों को समान महत्व देने का है। इसी सोच के तहत प्रदेश में विकास कार्यों के साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं लगातार आगे बढ़ती रहेंगी और सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।
लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलते ही रवाना हुए मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को लखनऊ में हुए अग्निकांड की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विकास कार्यों की समीक्षा और नई योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह जल्द ही फिर अलीगढ़ का दौरा करेंगे।
