बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि; 8551 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को विश्वविद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान डीन ऑफ अकादमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव और जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रचना गंगवार मौजूद रहे।

8551 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताया कि दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 के पात्र एवं पंजीकृत विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही बैकलॉग के विद्यार्थियों को भी उपाधियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कुल 8551 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 4832 पुरुष और 3719 महिला विद्यार्थी शामिल हैं।
दो चरणों में होगा उपाधि वितरण कार्यक्रम
विद्यार्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए उपाधि वितरण कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होगा। दूसरा चरण दोपहर 2 बजे से संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा।
पहले चरण में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, स्वर्ण पदक विजेताओं और अन्य प्रमुख श्रेणियों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ उनके जीवन में नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।
मुख्य मंच से 22 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि पहले चरण में मुख्य मंच से कुल 22 मेधावी विद्यार्थियों को उपाधि या पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें स्नातक और परास्नातक स्तर के 17 मेधावी एवं विश्वविद्यालय टॉपर, एक डी.एससी. और आर.डी. सोनकर अवार्ड प्राप्त करने वाले चार विद्यार्थी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह के दौरान मंच से केवल उन्हीं विद्यार्थियों को उपाधि या पुरस्कार दिया जाएगा, जिन्हें इसके लिए विशेष रूप से चयनित किया गया है।
2023 में 2139 और 2026 में 2041 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री
विश्वविद्यालय के अनुसार वर्ष 2023 के 2139, वर्ष 2024 के 2115, वर्ष 2025 के 2237 और वर्ष 2026 के 2041 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा बैकलॉग के 19 विद्यार्थियों को भी उपाधि दी जाएगी। इस तरह कुल संख्या 8551 होगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
पाठ्यक्रम के आधार पर 2771 विद्यार्थी स्नातक, 228 स्नातक मल्टीपल एंट्री एंड एग्जिट, 4662 परास्नातक, 412 पीएचडी, 142 इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम, 23 सर्टिफिकेट कोर्स, 198 डिप्लोमा, 102 पीजी डिप्लोमा और 13 एमफिल के विद्यार्थी हैं।
27 अगस्त को पूर्वाभ्यास, 28 अगस्त को फुल-ड्रेस रिहर्सल
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत 27 अगस्त को दो चरणों में पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। पहला चरण सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा चरण दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होगा। वहीं 28 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक फुल-ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
छात्रों और छात्राओं के लिए ड्रेस कोड तय
विश्वविद्यालय ने समारोह की गरिमा और एकरूपता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया है। छात्रों को क्रीम या व्हाइटिश रंग का कुर्ता-पायजामा पहनना होगा। छात्राओं के लिए क्रीम या व्हाइटिश रंग की कुर्ती-सलवार, चूड़ीदार या साड़ी निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित वेशभूषा में ही समारोह में शामिल होने की अपील की है।
27 और 28 अगस्त को मिलेगा अंगवस्त्रम
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से अंगवस्त्रम उपलब्ध कराया जाएगा। इसका वितरण 27 और 28 अगस्त को किया जाएगा। विद्यार्थी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक या दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय में अंगवस्त्रम प्राप्त कर सकेंगे।
अंगवस्त्रम लेने के लिए विद्यार्थियों को पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंगवस्त्रम दिया जाएगा।
पहले चरण में प्रवेश के लिए दीक्षांत पास जरूरी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पहले चरण में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से वैध दीक्षांत पास उपलब्ध कराया जाएगा। समारोह स्थल में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित दीक्षांत पास साथ रखना होगा। प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से समारोह से जुड़े दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने की अपील की है।

