Sunday, September 13, 2026
Latest:
Top Newsदेश

BRICS समिट: 130 से ज्यादा कारोबारियों के साथ भारत पहुंचे दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति, शी जिनपिंग भी नई दिल्ली के लिए रवाना; पुतिन के स्वागत की खास तैयारी

नई दिल्ली: भारत की मेजबानी में हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दुनिया के कई देशों के नेता और प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंच रहे हैं। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचेंगे। भारत दौरे के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी होगी। इससे पहले इंडोनेशिया, फिलीपींस और अफ्रीकी देश नाइजीरिया समेत कई देशों के प्रतिनिधि भारत पहुंच चुके हैं।

ब्रिक्स अफ्रीका की अध्यक्ष अयांडा होलो ने सम्मेलन के आयोजन को शानदार और बड़े पैमाने का बताया। उन्होंने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचे हैं। दक्षिण अफ्रीका भी 130 से अधिक कारोबारी प्रतिनिधियों को लेकर आया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विकास की जिम्मेदारी केवल सरकारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कारोबारियों को भी आर्थिक मजबूती और साझा समृद्धि के लिए अपनी भूमिका निभानी होगी। होलो ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गहरे संबंधों तथा आपसी सहयोग को भी अहम बताया।

भारत की व्यवस्थाओं से जर्मन मीडिया प्रतिनिधि प्रभावित

दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की व्यवस्थाओं की जर्मन मीडिया प्रतिनिधि बेन ने भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत उनकी उम्मीदों से कहीं बेहतर है और सम्मेलन का आयोजन अब तक शानदार रहा है। ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका में हुए ब्रिक्स सम्मेलनों का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने इस बार मिले मीडिया किट को सबसे बेहतरीन बताया। इसमें वीगन सुपर फूड, कॉफी, हल्का मग, खूबसूरत स्कार्फ, बोतल और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है।

बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव दिल्ली पहुंचे

बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव शनिवार सुबह 2026 के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे। नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने उनका स्वागत किया। उनका भारत दौरा ब्रिक्स देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों और बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है।

शी जिनपिंग के साथ चीन का बड़ा प्रतिनिधिमंडल

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बीजिंग से नई दिल्ली रवाना हुए। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। उनके साथ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और केंद्रीय समिति के सामान्य कार्यालय के निदेशक काई छी भी भारत आ रहे हैं। इसके अलावा पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीनी विदेश मंत्री वांग यी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

वैश्विक बदलावों के बीच निर्णायक मोड़ पर ब्रिक्स

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव, व्यापार के बदलते तौर-तरीके, तेजी से हो रहा तकनीकी विकास और जलवायु संकट ब्रिक्स को एक महत्वपूर्ण मोड़ पर ले आए हैं। उन्होंने इसे ग्लोबल साउथ के लिए अधिक लचीला, विविधतापूर्ण और समावेशी आर्थिक भविष्य तैयार करने का बड़ा अवसर बताया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

रामाफोसा के मुताबिक मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में देश और कंपनियां यह दोबारा सोचने को मजबूर हैं कि वे सामान कहां से खरीदें, उत्पादन कहां करें और निवेश कहां करें। उनके अनुसार यह स्थिति ब्रिक्स देशों को पुरानी आर्थिक सीमाओं से बाहर निकलने का अवसर देती है। ब्रिक्स का लक्ष्य केवल आपसी व्यापार बढ़ाना नहीं, बल्कि सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच गहरे उत्पादक संबंध बनाना होना चाहिए।

विकासशील देशों को सिर्फ कच्चा माल बेचने तक सीमित न रहने की सलाह

रामाफोसा ने जोर देकर कहा कि विकासशील देशों को केवल कच्चे माल के निर्यातक या तैयार माल के उपभोक्ता बनकर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक मूल्य शृंखला में तकनीकी विकास और उच्च मूल्य वाले विनिर्माण का बड़ा हिस्सा अब तक कुछ चुनिंदा देशों तक सीमित रहा है। विस्तारित ब्रिक्स को इस व्यवस्था को दोहराने से बचना होगा।

उन्होंने बताया कि 2013 में दक्षिण अफ्रीका की पहली ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल का गठन किया गया था, ताकि आर्थिक सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे। रामाफोसा ने शुक्रवार को ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सत्र को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। इस फोरम में दक्षिण अफ्रीका की 120 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।

पुतिन के स्वागत के लिए दिल्ली के होटल में खास इंतजाम

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दिल्ली प्रवास को लेकर आईटीसी मौर्या होटल में खास तैयारियां की गई हैं। होटल में उनके ठहरने की पुष्टि के बाद उनके सम्मान में भारतीय पारंपरिक मिठाइयों से सजी विशेष थाली तैयार की गई है।

होटल के मुताबिक इस विशेष थाली में भारतीय पाक विरासत को दर्शाने वाली पारंपरिक मिठाइयां शामिल होंगी। इसके अलावा भारतीय मसालों से तैयार चॉकलेट बोनबोन भी परोसे जाएंगे। इनमें इलायची, केसर, गुलाब, अदरक और सौंफ जैसे स्वाद शामिल हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------