बीबीएयू को पहली बार मिली वैश्विक पहचान, क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में 1501+ रैंक बैंड में जगह

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को पहली बार क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में शामिल किया गया है। इस सूची में विश्वविद्यालय ने 40.0 का समग्र स्कोर प्राप्त करते हुए 1501+ रैंक बैंड में स्थान बनाया है। यह रैंकिंग विश्वविद्यालयों के सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव के साथ-साथ उनकी प्रशासनिक व्यवस्था के प्रदर्शन का आकलन करती है।
शासन व्यवस्था में मिला सबसे अधिक स्कोर
क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग की तीन प्रमुख श्रेणियों में बीबीएयू को अलग-अलग अंक मिले हैं। सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का स्कोर 37.0, पर्यावरणीय प्रभाव में 37.6 और शासन व्यवस्था में 68.8 रहा। इन आंकड़ों के मुताबिक, विश्वविद्यालय को शासन व्यवस्था की श्रेणी में सबसे बेहतर प्रदर्शन के लिए अंक मिले हैं।
इसके अलावा, विभिन्न संकेतकों में भी विश्वविद्यालय का प्रदर्शन दर्ज किया गया। पर्यावरण अनुसंधान में 67.6, स्वास्थ्य एवं कल्याण में 64.6, ज्ञान के आदान-प्रदान में 40.0 और समानता के क्षेत्र में 35.7 अंक प्राप्त हुए। रैंकिंग से जुड़ी प्रक्रिया का नेतृत्व प्रो. कुशेंद्र मिश्रा और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने किया।
कुलपति बोले- सतत विकास उच्च शिक्षा संस्थानों की अहम जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सतत विकास आज उच्च शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बन गया है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और मानव कल्याण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।

उन्होंने कहा कि क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालय की भागीदारी उसके प्रयासों को वैश्विक मंच पर सामने रखने का अवसर है। आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशिता, शोध, नवाचार और संस्थागत उत्कृष्टता के क्षेत्रों में प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।
सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताई उपलब्धि
कुलपति प्रो. मित्तल ने इस सफलता के लिए विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के प्रत्येक सदस्य के सामूहिक प्रयास, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के जरिए विश्वविद्यालय सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और समाज के समग्र विकास में योगदान देने के लिए लगातार काम करता रहेगा।
प्रो. कुशेंद्र मिश्रा और प्रो. शिल्पी वर्मा के अनुसार, रैंकिंग में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन सतत विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, संस्थागत सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इस वैश्विक मूल्यांकन से मौजूदा प्रदर्शन को समझने के साथ-साथ भविष्य में सुधार के नए क्षेत्रों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
