इनामी बदमाशों पर कसेगा शिकंजा! डीआईजी अशोक कुमार ने दिया एक महीने में गिरफ्तारी का लक्ष्य, सभी जिलों को सख्त निर्देश
गोंडा: देवीपाटन परिक्षेत्र में वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार ने शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में परिक्षेत्र के सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों से थानावार इनामी अपराधियों की स्थिति की जानकारी ली गई और उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
थानावार समीक्षा कर मांगी पूरी रिपोर्ट

वर्चुअल बैठक में उन सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया, जिनके थाना क्षेत्रों में इनामी अपराधी वांछित हैं। इसके अलावा परिक्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और संबंधित क्षेत्राधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। डीआईजी अशोक कुमार ने प्रत्येक थाने के इनामी अपराधियों की अलग-अलग समीक्षा करते हुए उनके आपराधिक इतिहास, वर्तमान गतिविधियों, संभावित ठिकानों, अब तक की गई कार्रवाई और आगे की रणनीति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
तकनीकी संसाधनों और समन्वय से कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिए कि इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए प्रभावी रणनीति तैयार कर तकनीकी संसाधनों और अन्य खुफिया स्रोतों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वांछित अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
-------------------------------------------------------------------------------------------
एक महीने में विशेष अभियान चलाने का भरोसा
बैठक में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने एक महीने के भीतर अधिकतम इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने और सकारात्मक परिणाम देने का भरोसा भी दिया।


