Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कॉंवड़ यात्रा एवं आगामी उर्स-ए-आला हजरत के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में करी बैठक

बरेली, 08 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में आज जनपद में श्रावण मास में कॉवड़ यात्रा एवं आगामी उर्स-ए-आला हजरत के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन में सम्पन्न हुई।

बैठक में उपस्थित स्थानीय लोगों से थानावार उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गयी और संबंधित अधिकारियों से उन समस्याओं का यथाशीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

एक नागरिक द्वारा बताया गया कि रोडवेज के सामने जो पेड़ हैं, बिजली के तार उनसे घिर गए हैं तथा बसे आदि भी बिजली के तार के सम्पर्क में आ सकते हैं क्योंकि तार पेड़ों के कारण दिखते नहीं हैं, पेड़ों को छटवाने के लिए अनुरोध किया गया। इसी प्रकार मोहनपुर रोड पर राठौर चक्की के पास आधी रोड पक्की है और आधी कच्ची है, जिस पर नाले का पानी भरा रहता है उसे पूरा बनवाए जाने, लाल फाटक पुल के साइड रोडों पर गढ्ढे हो गए हैं उन्हें ठीक कराये जाने, तपेश्वर नाथ मंदिर के सामने वाली रोड सही कराए जाने तथा वनखण्डी नाथ मंदिर रोड पर रखें ट्रांसफार्मर को हटवाए जाने का भी अनुरोध किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में कोई भी नई परम्परा ना डाली जाए तथा कांवड़ यात्रा में डीजे आदि की ऊँचाई 12 फीट से अधिक ना रखी जाए। नगर पालिका, नगर निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा मार्गों की साफ-सफाई करवायी जाए। जहां सड़कों में समस्या है, जिसकी सड़क है वह उसे ठीक कराए।

उन्होंने कहा कि 3, 10, 17 व 24 जून 2026 को श्रावण मास के सोमवार पड़ेगे तथा 7, 8 व 9 जून 2026 को उर्स-ए-आला हजरत भी है। दोनो आयोजनों को शांति पूर्वक सम्पन्न कराना हमारी प्राथमिकता में हैं और उसमें आप सबका सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि बरेली-बदायूं मार्ग खराब है इसलिए एनएचएआई के अधिकारी आज आए हैं जो इस व्यवस्था को देखें कि कांवड़ियों का किसी प्रकार की असुविधा ना हो तथा अन्य विभाग भी अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों को देख लें। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां विद्युत तार लटक रहे हैं यदि ट्रांसफार्मर रास्ते में है तो उनको समयान्तर्गत शिफ्ट कराया जाए। उन्होंने नगर निगम को बारिश के मौसम के दृष्टिगत नालों-नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भण्डारों के आयोजक रोड पर कूड़ा ना फैलाएं, एकत्र करके रखें।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपसी प्रेम और भाईचारे की जो बात बैठकों में की जाती हैं उसे धरातल पर उतारने की आवश्यता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सहूलियत के लिए समस्त सुविधाएं दी जाएगी लेकिन आप लोग भी कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। डीजे व झांकी की ऊँचाई मयवाहन के 10ग12 फीट से ज्यादा ना हो। परम्परागत रुट से हटकर कोई आयोजन ना हो। जत्थेदार निकलते समय थाने को अवश्य सूचित करें। डीजे पर ऐसा गाना ना बजाएं जो किसी की भावना को ठेस पहुंचे। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर विश्वास ना करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को आगे ना बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में हर गांव में पुलिस का एक सिपाही जाकर कांवड़ के बारे में पूरी जानकारी लेंगे जैसे- कितने जत्थे आएंगे तथा आने-जाने का रूट क्या होगा। नोडल अधिकारी के रूप में हर जत्थे में सिपाही और इंस्पेक्टर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जत्थे, रूट, शिव मंदिर और कांवड़ियों के लिए शिविर का यह मुख्य बिन्दु है तथा डिवाइडर के कट बंद कराने, आंधी-तूफान में जो पेड टूटे हैं या टूटने की कगार पर हैं उन्हें हटाए जाने, ट्रांसफार्मर खुले या विद्युत तार लटके हुए व सड़कों पर स्टंटबाजी बर्दाश्स्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो शिविर लगाने वाले लोग हैं वो कांवड़ रखने के लिए स्टैण्ड रोड साइड ना लगाये जाएं तथा समस्त शिविर बायीं ओर लगाए जाएं और फायर सेफ्टी अवश्य सुनिश्चित की जाए व वॉलन्टियर को आई कार्ड भी जारी करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए जो शिविर बनाए जाएं उनके लिए अलग से शौचालय बनाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि डीजे पर अभद्र गाने ना बजाए जाएं और जो लोग बाहर से डीजे बुक कर रहे हैं उसकी सूचना थानों को अवश्य दें। उन्होंने कहा कि कोई भी गैर परम्परागत कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी और खुराफातियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी बहेड़ी ईशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा, समस्त उप जिलाधिकारी/पुलिस क्षेत्राधिकारीगण व सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------