जिलाधिकारी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की करी समीक्षा


बरेली, 2,6 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है, जिसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की खराब सड़कों की अतिशीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर आवश्यकता होने के बावजूद स्पीड ब्रेकर नहीं बने हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग वाहनों, अवैध खनन में प्रयुक्त गाड़ियों तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए, जिससे विशेष रूप से युवाओं को यातायात नियमों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं भी वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी टोल प्लाजा पर एंबुलेंस के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएं, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
बैठक में उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों पर गंभीरता व्यक्त करते हुए जांच कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह सहित संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
