रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं प्रकृति से जुडने का संदेश देने हेतु एक विशेष पहल

बरेली,27 मई। रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा प्रकृति से जुड़ने का संदेश देने हेतु एक विशेष पहल की गई। विश्वविद्यालय के खेल विभाग द्वारा प्रातःकालीन गतिविधियों की शुरुआत की गई, जिसमें रनिंग, योग, व्यायाम एवं जिम जैसी गतिविधियों में विश्वविद्यालय परिवार बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है।

माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर केपी सिंह ने स्वयं इस पहल की शुरुआत की तथा प्रातः लगभग 6 बजे खेल परिसर में पहुँचकर शिक्षकों एवं खेल विभाग के सदस्यों के साथ बैडमिंटन खेलकर सभी को स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर कुलसचिव श्री हरीश चंद, स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव, क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एस एस बेदी, विभिन्न संकायों के शिक्षकगण, खेल विभाग का स्टाफ एवं खिलाड़ी भी उपस्थित रहे। माननीय कुलपति महोदय ने सभी को संदेश देते हुए कहा कि जीवन की व्यस्त दिनचर्या में से यदि प्रतिदिन केवल एक घंटा स्वास्थ्य, योग, खेल के लिए निकाला जाए एवं अनुशासित दिनचर्यातो कार्यक्षमता, सकारात्मक सोच एवं कार्य संस्कृति में अत्यधिक वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवनशैली ही सफलता का वास्तविक आधार है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा “स्वच्छता एवं स्वास्थ्य” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए खेल परिसर में खिलाड़ियों एवं आगंतुकों के लिए स्वच्छ पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। परिसर में अत्यंत सुंदर फाउंटेन युक्त पेयजल स्थल विकसित किया गया है, जिसके आसपास हरियाली, वृक्षारोपण एवं बैठने की आकर्षक व्यवस्था की गई है। यह स्थान प्रकृति की गोद में शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराता है, जहाँ विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी एक साथ बैठकर स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण का आनंद ले सकते हैं।

माननीय कुलपति महोदय, कुलसचिव महोदय एवं स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय ने समाज को यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ वातावरण एवं प्रकृति से जुड़ाव आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय निरंतर शिक्षा के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने हेतु प्रतिबद्ध है। यह पहल न केवल विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करेगी, बल्कि समाज को भी स्वास्थ्य, स्वच्छता और हरित वातावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
