Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने चकबंदी प्रक्रियाधीन ग्रामों की करी मासिक समीक्षा

 

बरेली, 27 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विगत दिवस चकबंदी प्रक्रियाधीन ग्रामों की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न ग्रामों में चल रही चकबंदी प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे उनकी भूमि का समुचित एवं व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित होता है। अतः सभी अधिकारी कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान जिन ग्रामों में जन विरोध के कारण कार्य रुका हुआ है वहां पर संबंधित उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उन ग्रामों में कार्य प्रारम्भ करवाया जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान ग्रामों में चौपाल लगाकर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी कार्य नियमानुसार संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड में अपनी रैंकिंग बरकरार रखें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सहित संबंधित ग्रामों के चकबंदी अधिकारी, सहायक चकबंदी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------