विदेश

जनसंख्या में तेजी से गिरावट की आशंका; भारत और चीन को लेकर एलन मस्क ने जताई चिंता

नई दिल्‍ली : अरबपति एलन मस्क ने भारत और चीन समेत दूसरे देशों की जनसंख्या में गिरावट की आशंका पर चिंता जताई है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर ग्राफ वाली एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें दुनिया के उन प्रमुख देशों के बारे में बताया गया है जिनकी जनसंख्या में तेजी से बदलाव आने की संभावना है। ध्यान देने वाली बात है कि मस्क ने इसे मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा करार दिया है। टेस्ला सीईओ की ओर से जो ग्राफ पोस्ट किया गया उसमें दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और जापान को लेकर भी चिंता जताई गई है। इसके मुताबिक, कुछ समय बाद ही सिंगापुर की जनसंख्या में बड़ी गिरावट आने की आशंका है।

ग्राफ में दिखाया गया कि भारत की जनसंख्या में तेजी से गिरावट आ आ रही है। साल 2100 तक यहां की आबादी घटकर 1.1 बिलियन (110 करोड़) से कुछ कम हो जाएगी। यह करीब 400 मिलियन (40 करोड़) की कमी को दर्शाता है। मालूम हो कि भारत फिलहाल दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। इसके बावजूद, भारत की जनसंख्या में यह गिरावट चिंता की बात हो सकती है। इंडोनेशिया और पाकिस्तान को लेकर ग्राफ में दिखाया गया कि इनकी जनसंख्या में मामूली कमी की संभावना है।

हालांकि, चीन की जनसंख्या में नाटकीय कमी आती दिख रही है। साल 2100 तक चीन की जनसंख्या 731.9 मिलियन (73.19 करोड़) तक पहुंचने का अनुमान है, जो कि लगभग 731 मिलियन की गिरावट होगी। जनसंख्या में बड़ी गिरावट के जो संकेत मिल रहे हैं, उससे देश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे पर गहरा असर पड़ सकता है। गौरतलब है कि सदी के अंत तक नाइजीरिया की जनसंख्या 790.1 मिलियन होने का अनुमान है। इस तरह यह दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा। अगर अमेरिका की बात करें तो जनसंख्या के लिहाज से वह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा देश होगा।

-------------------------------------------------------------------------------------------

बता दें कि नए साल के पहले दिन विश्व की जनसंख्या 8.09 अरब हो गई। 2024 में दुनिया की आबादी में 7.1 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई। यह जानकारी अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अनुमानों से मिली। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अनुसार, 2024 में वैश्विक आबादी में हुई वृद्धि 2023 की तुलना में थोड़ी कम है, जब दुनिया की आबादी में 7.5 करोड़ की वृद्धि हुई थी। अनुमानों के अनुसार, जनवरी 2025 में दुनिया भर में प्रति सेकंड 4.2 जन्म और 2.0 मौत होने का अनुमान है। जनगणना ब्यूरो के अनुसार, 2024 में अमेरिका की आबादी में 26 लाख की वृद्धि हुई और नए साल के पहले दिन अमेरिका की आबादी 34.1 करोड़ हो गई। जनगणना ब्यूरो के अनुसार, 2020 के दशक में अब तक अमेरिकी आबादी में लगभग 97 लाख की वृद्धि हुई है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------