Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक फेस्ट AURA 2K26 (ऑरा) का भव्य शुभारम्भ


बरेली,05अप्रैल।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक फेस्ट ‘AURA 2K26 – The Creative Pulse’ का कल भव्य उद्घाटन हुआ। ‘टेक, आर्ट, रिदम और एक्सप्रेशन’ की थीम पर आधारित यह आयोजन 6 अप्रैल तक चलेगा। प्रथम दिवस पर पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और नवाचार का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अशोक कटारिया (पूर्व राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश एवं माननीय सदस्य, उत्तर प्रदेश विधान परिषद) रहे। विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह इस आयोजन के संरक्षक थे।
रोबो कार से हुआ अनावरण उद्घाटन अत्यंत नवाचारी शैली में किया गया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन के साथ-साथ रोबो कार के माध्यम से स्विच ऑन कर ‘AURA’ का अनावरण किया – जो विद्यार्थियों की तकनीकी सृजनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। तत्पश्चात टेक एक्सपो का उद्घाटन गुब्बारे उड़ाकर किया गया तथा साइक्लिंग रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अशोक कटारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “AURA (ऑरा) जैसे उत्सव छात्र जीवन के अभिन्न अंग हैं, जो व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को नई दिशा देते हैं।” उन्होंने संदेश दिया कि “खूब आनंद लें, सीखें और आगे बढ़ें, लेकिन सदैव मर्यादा और अनुशासन का पालन करें। अपना पैमाना स्वयं निर्धारित करें। समय के साथ बड़ा सोचें, देश अपने आप आगे बढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि “जो नित्य नूतन, नवल होगा, उसी का जीवन सफल होगा।” मुख्य अतिथि ने विश्वविद्यालय को NAAC A++ ग्रेड प्राप्त होने पर बधाई दी तथा कुलपति के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह का उद्बोधन
संरक्षक एवं कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि “यह पूर्णतः छात्रों द्वारा आयोजित टेक फेस्ट है, जिससे उन्हें एक्सपोजर मिलता है। शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय को नई पहचान मिली है। छात्रों के अच्छे प्लेसमेंट हो रहे हैं। यूजीसी ने दूरस्थ शिक्षा से कई कोर्स की अनुमति दी है। सभी के प्रयासों से NAAC A++ ग्रेड प्राप्त हुआ है तथा स्टार्टअप के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।” उन्होंने कहा कि इस फेस्ट में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को समझने का मौका मिलेगा। अन्य गणमान्यों के विचार:-
• प्रो. अर्चना गुप्ता (डीन, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) ने स्वागत भाषण में कहा कि यह मंच तकनीकी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतिभाओं के प्रदर्शन हेतु है।
• प्रो. एस.एस. बेदी (अंतरराष्ट्रीय संबंध निदेशक) : ऐसे आयोजन वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करते हैं।
• प्रो. रवेंद्र सिंह (मुख्य प्रॉक्टर) : उत्सव का आनंद लें, किंतु अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखें।
• प्रो. एस.के. पांडेय (डीन एकेडमिक) : यह रचनात्मकता उजागर करने का सुनहरा अवसर है।
• श्री संजीव सिंह (परीक्षा नियंत्रक) : संतुलित विकास की भावना विकसित होती है।
• कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन साक्षी मिश्रा ने किया।
• डॉ अजय यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया
‘सुर संगम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम
फेस्ट के अंतर्गत ‘सुर संगम’ का आयोजन किया गया, जिसका समन्वयन शशि लता एवं हिमांशु गौर ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. छवि शर्मा, डॉ. आशुतोष प्रिये एवं डॉ. आभा त्रिवेदी रहे। कुल 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा 7 स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
कोडिंग प्रतियोगिता ‘Agglomeration’
फैकल्टी कोऑर्डिनेटर एर. निशा सिंह के मार्गदर्शन में कोडिंग प्रतियोगिता ‘Agglomeration’ हुई।
प्रथम स्थान: हर्षित गंगवार एवं अवनीश सिंह
द्वितीय स्थान: साहित्य चंद्र एवं दिव्यांशु चंद्र
टीम कोऑर्डिनेटर उत्तम मित्तल तथा वॉलंटियर्स यशिका तोमर, अनुज पासवान रहे। मूल्यांकन डॉ. अख्तर हुसैन एवं डॉ. अश्वनी गुप्ता ने किया।
फेस पेंटिंग प्रतियोगिता
समन्वयक अफरीन निशात ने फेस पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। निर्णायक डॉ. छवि शर्मा एवं डॉ. पूजा यादव रहे। विद्यार्थियों ने रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टेक एक्सपो में ‘Grid Guard Nexus’ अव्वल
टेक एक्सपो में ‘Grid Guard Nexus’ प्रोजेक्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में पियूष, हरी तिवारी एवं वैभव सिंह शामिल थे। समन्वयन डॉ. अनिल कुमार सिंह ने किया।
AURA 2K26 का आयोजन है6 अप्रैल तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न तकनीकी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------