आईवीआरआई के वैज्ञानिकों ने किया कृषि विज्ञान केन्द्र अनौगी का दौरा563

बरेली,07अप्रैल।आईसीएआर–भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान(IVRI) के , जैव रसायन विभाग के वैज्ञानिकों की एक टीम ने कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर (उत्तर प्रदेश), जनपद कन्नौज का दौरा किया। यह कार्यक्रम आईसीएआर – आईवीआरआई अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य गांवों के अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को सशक्त बनाना तथा उनके आजीविका स्तर में सुधार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र, अनौगी के प्रभारी डॉ. वी. के. कनौजिया के उद्घाटन संबोधन से हुआ। इसके पश्चात् डॉ. अजय कुमार (प्रधान वैज्ञानिक एवं कार्यक्रम समन्वयक) तथा डॉ. मुकेश कुमार ने किसानों को आधुनिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने हेतु प्रेरित किया तथा आईसीएआर–आईवीआरआई द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जैव रसायन विभाग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राघवेंद्र सिंह द्वारा की गई। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को समग्र विकास हेतु शिक्षा, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में से कुल 25 लाभार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 21 महिलाएं एवं 4 पुरुष शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि उपयोगी सामग्री, जैसे सोलर लैम्प, कीटनाशक छिड़काव यंत्र, स्टेनलेस स्टील के अनाज भंडारण डिब्बे तथा उन्नत पशुपालन प्रथाओं से संबंधित आईवीआरआई द्वारा प्रकाशित साहित्य से युक्त जूट बैग वितरित किए गए।
अंत में, कार्यक्रम का समापन कृषि विज्ञान केंद्र, अनौगी के मृदा वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर बीज निरीक्षक डॉ. अरुण कटियार, प्रसार वैज्ञानिक डॉ. सुशील तथा अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


