डीआईजी अशोक कुमार का बड़ा निर्देश, हत्या-लूट समेत गंभीर मामलों और इनामी अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

गोण्डा: देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार ने सोमवार को वर्चुअल बैठक कर गोण्डा, बहराइच और श्रावस्ती जिलों में गंभीर अपराधों के लंबित मामलों तथा वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की समीक्षा की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को प्रभावी रणनीति बनाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती के मामलों की हुई समीक्षा
वर्चुअल बैठक में हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती के अनावरण के लिए शेष मुकदमों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न थानों में वांछित चल रहे इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उन थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी शामिल हुए, जहां इनामी अपराधी वांछित हैं। इसके अलावा गोण्डा, बहराइच और श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और संबंधित क्षेत्राधिकारी भी बैठक से जुड़े।
थानावार अपराधियों का खंगाला गया पूरा रिकॉर्ड
डीआईजी अशोक कुमार ने इनामी अपराधियों की थानावार गहन समीक्षा की। इस दौरान प्रत्येक अपराधी के आपराधिक इतिहास, वर्तमान गतिविधियों, संभावित ठिकानों और गिरफ्तारी के लिए अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी ली गई।
बैठक में आगे की कार्रवाई के लिए कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई। डीआईजी ने इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी संसाधनों और विभिन्न स्रोतों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
अंतरजनपदीय और अंतर्राष्ट्रीय समन्वय पर जोर
वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए संबंधित अधिकारियों को अंतरजनपदीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने कहा कि रणनीति के तहत त्वरित कार्रवाई कर वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के भी निर्देश
बैठक के दौरान डीआईजी अशोक कुमार ने गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों की तलाश और बरामदगी के लिए गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वर्चुअल बैठक में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वांछित सभी इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने सकारात्मक परिणाम देने की भी बात कही।

