नवागत कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने शिक्षकों के साथ की अंतरक्रियात्मक बैठक: युवा पीढ़ी को साथ लेकर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का किया आह्वान

बरेली,01 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के नवागत कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय ने आज विश्वविद्यालय के शिक्षकों के साथ अंतरक्रियात्मक बैठक कर विश्वविद्यालय के अकादमिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा-परिचर्चा की। बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय की वर्तमान उपलब्धियों, संभावनाओं, चुनौतियों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर सामूहिक विचार विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह ने कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा कुलपति का शॉल ओढ़ाकर, पुष्प एवं पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया।
अंतरक्रियात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि “किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी उसके विद्यार्थी होते हैं। वर्तमान युवा पीढ़ी ही देश और समाज का भविष्य है, इसलिए हमारा सबसे बड़ा दायित्व है कि हम विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, कौशल, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करें। विश्वविद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी में अपार प्रतिभा और क्षमता है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि हम इन क्षमताओं को सही दिशा प्रदान करते हुए सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विश्वविद्यालय को प्रगति के नए आयामों तक ले जाएं।” उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने नैक ए प्लस प्लस ग्रेड और रैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब हमारा लक्ष्य इन उपलब्धियों को और मजबूत करते हुए विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में निरंतर सुधार करना होना चाहिए। इसके लिए सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकजुट होकर समर्पित भाव से कार्य करना होगा।
कुलपति ने कहा कि “प्रगति के मार्ग में चुनौतियां आना स्वाभाविक है, लेकिन चुनौतियां हमारी गति को रोकने के लिए नहीं, बल्कि हमारी क्षमता को पहचानने और उसे बेहतर बनाने का अवसर देती हैं। यदि हम समस्याओं को लेकर नकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के बजाय समाधान और सुधार की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे, तो प्रत्येक चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।”
उन्होंने सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति में उसका परसेप्शन और दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि हम अपनी कमियों को पहचान कर उनमें सुधार का प्रयास करें और निरंतर अभ्यास करते रहें, तो गलतियों की संभावना लगातार कम होती जाएगी तथा कार्य की गुणवत्ता और सफलता की संभावनाएं बढ़ती जाएंगी। “जहां सुधार की सबसे कम गुंजाइश दिखाई देती है, वहीं निरंतर प्रयास के माध्यम से सबसे बड़ा सुधार संभव होता है। इसी सकारात्मक एवं सुधारोन्मुख दृष्टिकोण के साथ हमें विश्वविद्यालय के विकास के लिए कार्य करना होगा।”
कुलपति प्रो. राय ने शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए सामूहिक नेतृत्व, टीम भावना, पारदर्शिता, सकारात्मक सोच और निरंतर सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मिलकर कार्य करेंगे तो विश्वविद्यालय को विकास और उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल उपलब्धियों को बनाए रखना नहीं, बल्कि उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करना होना चाहिए। हम सभी मिलकर कार्य करें, एक-दूसरे की क्षमताओं को पहचानें और उन्हें विश्वविद्यालय के हित में उपयोग करें, तो महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाना निश्चित रूप से संभव है।”
बैठक में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो. एस. के. पाण्डेय, समन्वयक पी.एम. उषा प्रो. संजय मिश्रा, निदेशक शोध प्रो. आलोक श्रीवास्तव, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी प्रो. एस. एस. बेदी सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, प्रो मनोज सिंह, डॉ सुरेश कुमार, प्रो.अमित कुमार सिंह, श्री तपन वर्मा, सुधाकर मौर्य, सुधांशु शर्मा सहित शिक्षकगण आदि उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
