Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

इन्वेस्टमेंट ऐप के जाल में फंसा युवक, साइबर थाना गोण्डा ने वापस कराए 12.44 लाख रुपये

गोण्डा: आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को गोण्डा साइबर थाना पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई 12,44,770 रुपये की धनराशि विधिक प्रक्रिया के तहत पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

मोबाइल पर भेजा गया था इन्वेस्टमेंट ऐप का लिंक

मालवीय नगर निवासी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश से संबंधित एक इन्वेस्टमेंट ऐप का लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया गया।

ग्रुप में मौजूद अन्य सदस्यों की ओर से भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया जा रहा था। साइबर अपराधियों ने इसी तरीके से उन्हें अपने जाल में फंसाया और कई बार में धनराशि निवेश कराई गई।

साइबर थाना में दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर साइबर अपराध थाना गोण्डा में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में मु0अ0सं0-009/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4) बीएनएस और धारा 66(D) आईटी एक्ट में कार्रवाई की गई।

-------------------------------------------------------------------------------------------

विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई रकम

साइबर थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर 12,44,770 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।

धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित ने गोण्डा पुलिस, साइबर थाना पुलिस और कार्रवाई करने वाली पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

धनराशि वापस कराने वाली टीम में साइबर अपराध थाना गोण्डा के प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी मोहन यादव और आरक्षी अंकुर गुप्ता शामिल रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------