Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

पत्नी को छोड़कर भागा था पति, दूसरी महिला संग वायरल हुई रील में बीवी ने पहचान कर पकड़वाया

सात साल से फरार युवक रील बनाने के जुनून में ऐसा डूबा कि अपनी फरारी भी भूल गया। दूसरी पत्नी के साथ बनाई उसकी वायरल रील में पहली पत्नी ने उसे पहचान लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसका सात साल से फरार पति किसी और संग रील बना रहा है। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापा मार कर पत्नी-बच्चे को छोड़ फरार हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है। वह दूसरी महिला से शादी करके पंजाब के लुधियाना में रह रहा था। कुछ दिन पहले उसी महिला के साथ बनाई गई रील में वह पहचाना गया।

संडीला थाना क्षेत्र के मुरारनगर निवासी शीलू ने बताया था कि उसकी शादी 2017 में आटामऊ निवासी जितेंद्र उर्फ बबलू से हुई थी। 2018 में पति अचानक लापता हो गया। जितेंद्र के पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शीलू के मुताबिक सुसराल वालों ने उसके मायके वालों पर जितेंद्र की हत्या कर सुबूत मिटाने के भी आरोप लगाए थे। हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुईं रील में जितेंद्र दूसरी महिला के साथ नजर आया था। इस पर उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि आरोपी को संडीला से ही गिरफ्तार किया गया है। हालांकि चर्चा है कि उसे पंजाब से पकड़ा गया है।

आरोपी बोला-पत्नी के मायके से न आने पर हुआ था नाराज
कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि पूछताछ में जितेंद्र ने जानकारी दी है कि घरेलू मामलों को लेकर पत्नी शीलू से अनबन हो गई। इससे नाराज पत्नी मायके चली गई। वह कई बार पत्नी को विदा कराने गया था, लेकिन वह आने को तैयार नहीं थी। इसी से नाराज होकर वह पंजाब चला गया। इधर-उधर काम करके पेट भरने लगा। इस दौरान एक महिला से प्रेम होने पर शादी कर ली और वहीं बस गया। कोतवाल ने बताया कि पंजाब में रहने व दूसरी शादी करने की जानकारी उसके परिजनों को थी।

रील ऐसी-ऐसी… तेरा प्यार हकीकत है या सपना
जितेंद्र और महिला की जो रील वायरल हो रहीं हैं वह एक घर की हैं। इसमें दोनों अलग-अलग गानों में रील बनाते हैं। ये गाने ऐसे हैं जो एक-दूसरे के प्रति सच्चे प्यार को दर्शाने वाले हैं। जैसे ऊपर गगन नीचे तू है बलमा, तेरा प्यार हकीकत है या सपना…। मिलते नहीं हम तुम तो फिर बोलो क्या होता…। एक भोजपुरी गाने में भी रील वायरल हो रही है। इन गीतों को लेकर गांव में चर्चाएं भी हो रहीं हैं कि पत्नी को धोखा देकर दूसरी महिला पर प्यार लुटा रहा है।

पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का लगाया था आरोप
शीलू के अनुसार ससुरालीजन दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करते थे। 28 अप्रैल 2017 को शादी हुई थी। छह महीने बाद ही उसे पीटकर भगा दिया था। उसने मुख्यमंत्री के यहां शिकायती पत्र भेजा। जांच शुरू हुई तो 22 अप्रैल 2018 को जितेंद्र लापता हो गया था। शीलू ने बताया कि वह मायके में ही रह रही है। यहीं उसने एक बेटे को जन्म दिया।

फोन पर बोला था दूसरी शादी कर ली है, उसे नहीं छोडूंगा
शीलू के अनुसार ससुराल के पड़ोसियों ने जितेंद्र के जिंदा होने की जानकारी दी। इस पर वह उसके परिवारीजनों के फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि के बारे में जानकारी करती रही। इस दौरान जितेंद्र की उसके भाई के साथ फोटो मिली। दस दिन पहले एक महिला के साथ रील बनाते देखा तो आईडी से नंबर निकालकर उससे बात की। तब उसने रांग नंबर बताकर पल्ला झाड़ा लेकिन आवाज से पहचान गई थी। फिर बोला कि दूसरी महिला से शादी कर ली है। उसे नहीं छोडूंगा। शीलू के अनुसार इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की थी।