Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

शास्त्री डिग्री कॉलेज में कीट प्रबंधन पर वैज्ञानिक व्याख्यान, कृषि उत्पादन बढ़ाने और रसायनों के विकल्प पर जोर

श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में कीट प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम विज्ञान संकाय के अंतर्गत जंतु विज्ञान विभाग, कृषि संकाय एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य प्रोफेसर आर.के. पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

मुख्य वक्ता के रूप में बीएसएन पीजी कॉलेज, लखनऊ के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर अशोक कुमार ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष हानिकारक कीटों के कारण लगभग 30 प्रतिशत कृषि उत्पादन प्रभावित होता है, जो देश की खाद्य सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि प्रभावी कीट प्रबंधन के जरिए न केवल उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, बल्कि उसकी गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है।

रसायनों के दुष्प्रभाव पर जताई चिंता, वैकल्पिक उपाय अपनाने की अपील

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा ने कीट प्रबंधन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न स्रोतों के माध्यम से हानिकारक रसायन हमारी खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में रासायनिक उपायों के बजाय सुरक्षित और वैकल्पिक कीट प्रबंधन तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि वे सुरक्षित और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपना सकें।

शिक्षकों और आयोजकों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम का सफल संचालन कृषि विभाग के शिक्षक डॉ. करूनेश दुबे ने किया, जबकि डॉ. शिशिर त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संजय कुमार, आनंद चतुर्वेदी, अमित दुबे एवं मानसी पांडे का विशेष सहयोग रहा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------