Thursday, August 20, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

देवीपाटन में शिक्षा को मिलेगी नई दिशा, 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय

गोंडा: “शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन” के तहत देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।

प्री-प्राइमरी से 12वीं तक एक ही परिसर में शिक्षा

इन मॉडल विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के करीब 1,500 से 2,000 विद्यार्थियों को एक ही परिसर में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं के साथ उच्च माध्यमिक स्तर की आधुनिक विज्ञान और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए विशाल सभागार, पेशेवर खेल सुविधाएं, आवासीय छात्रावास, परिवहन व्यवस्था और 1,400 से अधिक विद्यार्थियों की क्षमता वाला भोजन कक्ष भी उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रदेश में 4,500 करोड़ रुपये के निवेश से 150 मॉडल विद्यालय

राज्य स्तर पर विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर कुल 4,500 करोड़ रुपये के निवेश से 150 मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ही परिसर में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बहराइच में निर्माण लगभग पूरा

बहराइच के तेजवापुर विकासखंड में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल विद्यालय में अंतिम चरण का फिनिशिंग कार्य किया जा रहा है।

बलरामपुर में छत निर्माण का काम जारी

-------------------------------------------------------------------------------------------

बलरामपुर विकासखंड में प्रथम चरण के विद्यालय का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां विद्यालय भवन की छत निर्माण का कार्य चल रहा है।

श्रावस्ती में भी निर्माण कार्य प्रगति पर

श्रावस्ती के हरिहरपुररानी विकासखंड में प्रस्तावित मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के भवन की छत निर्माण का कार्य प्रगति पर है। निर्माण को निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

गोंडा में भूमि पूजन के बाद निर्माण शुरू

गोंडा के झंझरी विकासखंड में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के लिए भूमि पूजन संपन्न हो चुका है। इसके बाद विद्यालय के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है।

ड्रॉपआउट कम करने और रिटेंशन बढ़ाने पर जोर

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के बनने से प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर आधुनिक शैक्षणिक और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे विद्यार्थियों के विद्यालय छोड़ने की दर में कमी आने और रिटेंशन दर में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है, जिससे देवीपाटन मंडल में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा मिल सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------