Top Newsदेशराज्य

दिल्ली में कल से 18वां BRICS शिखर सम्मेलन, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात; PM मोदी के खास संदेश पर भी नजर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले इस सम्मेलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही, राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शुक्रवार सुबह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तीन दिन के भारत दौरे पर दिल्ली पहुंच गए। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद पहली बार भारत आ रहे हैं। सम्मेलन की तैयारियों के बीच शुक्रवार को दिल्ली के स्कूलों में छुट्टी रखी गई है।

15 हजार पुलिसकर्मी और 200 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात

BRICS सम्मेलन को लेकर दिल्ली में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा के लिए करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मियों के अलावा पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। निगरानी के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं रहेगी। हालांकि, वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के समय कुछ रास्तों को कुछ देर के लिए रोका जा सकता है। रोजाना करीब 70 से 80 हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट होने की संभावना है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर असर

मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। नोएडा से सेंट्रल दिल्ली और द्वारका से एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को खास तौर पर परेशानी हो सकती है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। यूपीएससी और एनडीए परीक्षार्थियों के साथ अस्पताल जाने वाले लोगों को भी समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस को तुरंत जानकारी देने को कहा गया है।

मेट्रो सेवा सामान्य, बस-ऑटो और टैक्सी भी चलेंगे

सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। बस, ऑटो और टैक्सी भी चलेंगे, हालांकि जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। कनॉट प्लेस का बाजार भी खुला रहेगा।

दूसरी ओर, मेट्रो म्यूजियम और राष्ट्रपति भवन 13 सितंबर तक बंद रहेंगे।

पुतिन और मोदी की आज होगी मुलाकात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार दोपहर मुलाकात होने वाली है। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, ऊर्जा और परमाणु सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

प्रधानमंत्री मोदी ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान से भी मुलाकात करेंगे। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच सीमा विवाद और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

BRICS सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया और इथियोपिया समेत कई देशों के नेता शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का समापन ‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा।

पुरी में सैंड आर्ट से BRICS नेताओं का स्वागत

BRICS देशों के नेताओं के भारत पहुंचने से पहले ओडिशा के पुरी में कलाकार मानस कुमार साहू ने विशेष सैंड आर्ट तैयार की। इस कलाकृति के जरिए भारत की ओर से BRICS देशों के नेताओं के लिए अभिनंदन संदेश दिया गया।

फिलीपींस की विदेश सचिव भी दिल्ली पहुंचीं

फिलीपींस की विदेश मामलों की सचिव मा. थेरेसा पी. लाजारो BRICS सम्मेलन 2026 में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गई हैं। सम्मेलन में दुनिया के कई देशों के नेता और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

PM मोदी का संदेश, वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा की उम्मीद

BRICS सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से नेता BRICS सम्मेलन के लिए जुटेंगे। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की भावना के साथ वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में संस्कृत श्लोक के जरिए अच्छे लोगों की संगति, संवाद और मित्रता के महत्व को भी बताया। श्लोक का भावार्थ है कि अच्छे लोगों के साथ चलना और उनकी संगति करनी चाहिए। सज्जनों के साथ संवाद और मित्रता रखनी चाहिए, जबकि बुरे लोगों के साथ संबंध नहीं रखना चाहिए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------