बीच सड़क स्कूल वैन पर पत्थरबाजी, शीशा टूटने से पांचवीं की छात्रा घायल; चालक को दी जान से मारने की धमकी
गोरखपुर: गुलरिहा क्षेत्र में बाइक सवार चार युवकों ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूल वैन पर पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से वैन का साइड शीशा टूट गया और इसकी चपेट में आकर पांचवीं कक्षा की एक छात्रा घायल हो गई। चालक ने जब युवकों की हरकत का विरोध किया तो आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाइक से फरार हो गए। चालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहजा निवासी सुभाष प्रसाद एक्सीलेंस एकेडमी बरगदहीं में स्कूल वैन चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर वह रोज की तरह बच्चों को स्कूल से लेकर मंदिर बाजार की ओर जा रहे थे। करतहिया चौराहे के पास पीछे से पल्सर बाइक सवार चार युवक वैन को ओवरटेक करने लगे।

आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने वैन पर पत्थर मार दिया। पत्थर वैन के साइड शीशे में लगा और शीशा टूट गया। टूटे शीशे की चपेट में आने से वैन में बैठी पांचवीं कक्षा की छात्रा घायल हो गई। घटना के बाद चालक ने युवकों की इस हरकत का विरोध किया।
विरोध करने पर चालक को धमकी
सुभाष प्रसाद के मुताबिक, विरोध करने पर चारों युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद चारों बाइक से मौके से फरार हो गए।
चालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से युवकों की पहचान का प्रयास
-------------------------------------------------------------------------------------------
भटहट चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। इनके आधार पर बाइक सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बेटे के डर से कमरे में बंद रहे बुजुर्ग दंपति
बड़हलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटे की कथित गुंडागर्दी से परेशान बुजुर्ग माता-पिता के खुद को कमरे में बंद कर रात बिताने का मामला भी सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस को तहरीर देकर अपने मझले बेटे पर आए दिन विवाद और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
बुजुर्ग के मुताबिक, बुधवार रात उनके बेटे ने घर में हंगामा किया। डर के कारण वह और उनकी पत्नी कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर पूरी रात अंदर रहे। गुरुवार सुबह आरोपी फिर ईंट-पत्थर लेकर माता-पिता को मारने दौड़ा।
बचाने पहुंचे छोटे बेटे पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया। पीड़ितों के मुताबिक, किसी तरह आरोपी से बचकर वे बड़हलगंज थाने पहुंचे। दंपति ने अपने मझले बेटे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

