Monday, August 17, 2026
Top Newsराज्य

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ा तो कैमरा करेगा चालान! 125 जगह लगे ओएसवीडी कैमरे, हेलमेट-सीट बेल्ट पर भी नजर

नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की मुश्किल बढ़ गई है। ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में 125 स्थानों पर नए ओएसवीडी कैमरे लगाए हैं। ये कैमरे तेज रफ्तार के साथ बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत तरीके से लेन बदलने और लेन से बाहर वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों पर भी नजर रख रहे हैं। पिछले चार महीनों में इन कैमरों के जरिए 20 हजार से ज्यादा चालान किए जा चुके हैं।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, अब वाहन चालक को नियम तोड़ने के लिए पुलिसकर्मी के सामने आना जरूरी नहीं है। कैमरे खुद उल्लंघन रिकॉर्ड कर चालान की प्रक्रिया शुरू कर देते हैं। बिना इंडिकेटर दिए लेन बदलना और निर्धारित लेन से बाहर वाहन चलाना भी नियमों का उल्लंघन है। पहले ऐसे मामलों में मुख्य रूप से ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार्रवाई करते थे, लेकिन अब कैमरों से भी चालान किए जा रहे हैं।
दिल्ली में पहले से लगे हैं चालान करने वाले कैमरे
दिल्ली में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कैमरों के जरिए चालान की शुरुआत मार्च 2019 में हुई थी। राजधानी में मुख्य रूप से दो प्रकार के कैमरे लगाए गए हैं। ओएसवीडी कैमरे तेज रफ्तार वाहनों का पता लगाकर कार्रवाई करते हैं, जबकि आरएलवीडी कैमरे लाल बत्ती तोड़ने और जेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने वालों के चालान करते हैं।
मार्च 2021 तक दिल्ली में 125 ओएसवीडी और 203 आरएलवीडी कैमरे लगाए जा चुके थे। इसके बाद इस साल मार्च तक 125 नए ओएसवीडी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं 125 नए आरएलवीडी कैमरे लगाने की प्रक्रिया जारी है।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर भी सख्त निगरानी
नए ओएसवीडी कैमरों से 10 अगस्त तक बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले 3,044 लोगों के चालान किए जा चुके हैं। वहीं बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले 13,405 से ज्यादा वाहन चालकों पर भी कार्रवाई हुई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार नए कैमरे विभिन्न प्रकार के यातायात नियमों के उल्लंघन को रिकॉर्ड कर रहे हैं।
अतिरिक्त आयुक्त यातायात पुलिस विजयंता गोयल आर्य के मुताबिक, सड़क हादसों को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 125 स्थानों पर ओएसवीडी कैमरे लगाए गए हैं। उनका कहना है कि कैमरों की निगरानी बढ़ने से भविष्य में लोग यातायात नियमों का ज्यादा पालन करेंगे और दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
गतिसीमा तोड़ने वालों के सबसे ज्यादा चालान
इस साल तय गतिसीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने के मामले में 16,07,956 चालान किए गए हैं। वहीं लाल बत्ती का उल्लंघन करने वाले 1,56,528 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक प्रतिदिन औसतन 103 वाहन चालकों के बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर चालान किए जा रहे हैं। वहीं हर दिन करीब 25 दोपहिया चालकों के बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान हो रहे हैं।
यातायात नियमों के इन उल्लंघनों पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से 500 से 1,000 रुपये तक का चालान किया जाता है। कैमरों की बढ़ती निगरानी के बीच वाहन चालकों को अब सड़क पर नियमों का पालन करने में किसी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------