Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा पुलिस की समीक्षा बैठक में एसपी सख्त, लंबित विवेचनाओं से लेकर CY-VAZRA अभियान और ऑपरेशन दहन की प्रगति पर दिए अहम निर्देश

गोंडा: पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित विवेचनाओं, जांच प्रार्थना-पत्रों, प्रारंभिक जांच, CY-VAZRA अभियान, ऑपरेशन दहन और अन्य महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान सबसे पहले लंबे समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए गुण-दोष के आधार पर उनका शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेशेवर अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश

समीक्षा के दौरान अनावरण शेष अभियोग, इनामी और जिलाबदर अभियुक्तों के मामलों की भी समीक्षा की गई। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्तीकरण, हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और गैंग पंजीकरण की प्रगति का भी आकलन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पेशेवर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ अधिक से अधिक गैंग पंजीकरण और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऑपरेशन कन्विक्शन और रात्रि गश्त पर विशेष जोर

बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित मुकदमों की समीक्षा करते हुए नए उपयुक्त मामलों को भी अभियान में शामिल करने के निर्देश दिए गए। वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और जनपदीय सीमाओं पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन जांच करने के निर्देश भी दिए गए।

फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना और कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ सुनते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बीएनएसएस के तहत अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने ऐसे अपराधियों की पहचान कर नियमानुसार सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त करने, न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने तथा आदेश मिलने के बाद संबंधित संपत्तियों की सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यक्ष ऐप पर ऑनलाइन बीट बुक अपडेट करने के निर्देश

एसपी ने बीट आरक्षियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने बीट क्षेत्र की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और जनसमस्याओं का नियमित रूप से यक्ष ऐप की ऑनलाइन बीट बुक में अंकन करें, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक डिजिटल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।

CY-VAZRA अभियान और ऑपरेशन दहन की प्रगति

बैठक में बताया गया कि पुलिस महानिदेशक द्वारा संचालित CY-VAZRA अभियान के तहत गोंडा में अब तक 11 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इस अभियान में 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा विभिन्न बैंक खातों में लगभग 20 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई है।

वहीं जनवरी 2026 से 17 जुलाई 2026 तक ऑपरेशन दहन के तहत 1020 मुकदमों से संबंधित 1582.72 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है, को नियमानुसार नष्ट किया जा चुका है।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------