Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कलेक्ट्रेट परिसर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की रैली का शुभारंभ–जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दिखाई हरी झंडी

गोण्डा, 01 जुलाई 2026।
जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को –जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी, एससीपीएम कालेज के छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

रैली शुभारंभ से पहले जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने वहां उपस्थित सभी लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा अपने आस-पास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि हम सभी मिलकर स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो इन रोगों से आसानी से बचा जा सकता है।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि यह अभियान स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायतीराज विभाग सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत गांवों व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा स्प्रे, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जन-जागरूकता कार्यक्रम, स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता व रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

रैली कलेक्ट्रेट परिसर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न चौराहों से गुजरी, जिसमें प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन युक्त तख्तियाँ लेकर नागरिकों को जागरूक किया। “स्वच्छ रहो, स्वस्थ रहो”, “मच्छर भगाओ, बीमारी मिटाओ”, “घर-आंगन साफ रखो, बुखार दूर भगाओ” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर आदित्य वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर सीके वर्मा, डीसीपीएम डाक्टर आरपी सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------