Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जनपद में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एनआरएलएम की अभिनव पहल

गोण्डा 30 जून,2026।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के मार्गदर्शन में जनपद की महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा विकासखण्ड नवाबगंज की ग्राम पंचायत बहादुरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से जनपद की 300 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अवधिका चिकनकारी कारीगर के रूप में प्रशिक्षित एवं स्थापित कर उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जनपद की 300 महिलाओं को अवधिका चिकनकारी से जोड़कर मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

ग्राम चौपाल के दौरान महिलाओं को अवधिका चिकनकारी परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण, उत्पादन, गुणवत्ता, विपणन, बैंकिंग सहायता तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के माध्यम से महिलाओं को पारंपरिक हस्तशिल्प से जोड़कर उन्हें स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। साथ ही महिलाओं को समूह आधारित उद्यम, वित्तीय प्रबंधन, बचत, ऋण सुविधा तथा स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त स्वरोजगार श्री जे.एन. राव, उपायुक्त उद्योग श्री बाबूराम, लीड बैंक मैनेजर श्री विनोद तिवारी, ग्राम प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है, जिससे वे अपने उत्पादों को स्थानीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकें।

आत्मनिर्भर महिला, समृद्ध गांव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अपने संदेश में कहा कि जनपद की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से ग्राम स्तर पर चौपालों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से संचालित यह पहल ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्राम चौपाल में उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर चिकनकारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लिया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध होगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------