भारत ने रचा इतिहास: कोयला उत्पादन ने पार किया 1 अरब टन का आंकड़ा, PM मोदी बोले- गर्व का क्षण
नई दिल्ली: भारत ने वित्त वर्ष 2024-25 में 1 अरब टन कोयला उत्पादन का ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कोयला उत्पादन में ऐतिहासिक उपलब्धि
भारत का कोयला मुख्य रूप से बिजली उत्पादन और विभिन्न उद्योगों के ईंधन के रूप में उपयोग होता है। यह दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। वित्त वर्ष 2023-24 (अप्रैल 2023 – मार्च 2024) के दौरान 99.783 करोड़ टन कोयला उत्पादन हुआ था, जिसे अब पार कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस उपलब्धि की सराहना करते हुए लिखा:
भारत के लिए गर्व का क्षण! 1 अरब टन कोयला उत्पादन का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करना ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक वृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह इस क्षेत्र के सभी कर्मियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
आर्थिक विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह टिप्पणी की। रेड्डी ने इस उपलब्धि को बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने, आर्थिक विकास को तेज करने और देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
आगे का लक्ष्य
कोयला मंत्रालय की कार्ययोजना के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 108 करोड़ टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। यह उपलब्धि भारत के ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।