कर्नलगंज में भूमि विवाद ने लिया खूनी रूप, 50 हमलावरों का घर पर हमला; महिलाएं-बच्चे समेत 10 घायल

गोंडा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार दोपहर ग्राम कुम्हड़ौरा के ठकुराइन पुरवा में पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि करीब 50 लोगों की भीड़ ने एक परिवार के घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, हॉकी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के दौरान फायरिंग होने से इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे समेत लगभग 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घर में घुसकर बेरहमी से पीटा, कई लोग गंभीर रूप से घायल
पीड़ित पक्ष के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे मोहनलाल अपने परिवार के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान मनजीत गोस्वामी, अमित गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, मयंक, ननकऊ देवी और दिलीप कुमार सहित करीब 15-20 अज्ञात लोगों के साथ लगभग 50 हमलावर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने अचानक हमला बोल दिया और पीड़ितों को घर के अंदर खींचकर बेरहमी से मारपीट की।
हमले में रवि, विनोद, खुशबू, प्रियांशी, प्रियांशु और मुरली समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हल्का दीवान पर मिलीभगत का आरोप
इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष ने एक गंभीर आरोप भी लगाया है। पीड़ित मोहनलाल ने अपनी लिखित शिकायत में कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में तैनात हल्का दीवान रामशरण मौर्य पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीवान कई दिनों से उन्हें और उनके परिवार को धमका रहे थे और इस घटना में भी उनकी भूमिका संदिग्ध है।
मोहनलाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मनजीत गोस्वामी, अमित गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, मयंक, ननकऊ देवी और दिलीप कुमार सहित 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।

लगातार बढ़ रहे विवादों से लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्नलगंज क्षेत्र में भूमि विवाद और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
कुछ दिन पहले ही सुदई पुरवा में भूमि विवाद को लेकर एक अधिवक्ता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। उस घटना में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे और भूमि विवाद को लेकर लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे।
पुलिस ने कहा—जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
मामले को लेकर कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
