Saturday, February 7, 2026
Latest:
Top Newsदेशराज्य

अभी सर्दी और बढ़ेगी, पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड: 27, 28 और 29 जनवरी को देश के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट

नई दिल्ली: देश में ठंड और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27, 28 और 29 जनवरी को कई राज्यों में शीतलहर चलेगी। इसके कारण लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ेगा। पिछले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश हुई, जिससे तापमान गिर गया और सर्दी बढ़ गई। अब आने वाले तीन दिनों में ठंड और अधिक तीव्र होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस दौरान शीतलहर और ठंड से सावधान रहने के लिए अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान और दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?
राजस्थान और दिल्ली में सर्दी पहले ही बढ़ चुकी है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 से 29 जनवरी तक सुबह और रात के समय इन क्षेत्रों में शीतलहर चलेगी। इसके साथ ही कई जगह कोहरा भी रहने की संभावना है। इससे लोगों को ठिठुरन बढ़ सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी सर्दी बढ़ेगी। इन राज्यों में 27 से 29 जनवरी तक बर्फबारी होने का अनुमान है। शीतलहर और बर्फबारी दोनों मिलकर ठंड को और बढ़ा देंगे।

देश के अन्य हिस्सों में ठंड का असर
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओड़िशा में भी शीतलहर चलने का अनुमान है। इन जगहों पर सुबह के समय कोहरा भी रहेगा। पूर्वोत्तर राज्यों मिजोरम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा और नागालैंड में भी ठंड का असर जारी रहेगा। कई जिलों में सुबह के समय कोहरे की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------