बंगाल में ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ एक्टिव, बांटने की हो रही साजिश: ममता
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया है लेकिन परिसीमन पर विरोध जताते हुए उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोला है. एक इंटरव्यू में ममता ने बंगाल को बांटने की साजिश का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने सनसनीखेज दावे भी किए. ममता ने कहा कि परिसीमन के बहाने बंगाल को बांटने की एक गहरी साजिश रची जा रही है. उन्होंने कहा कि एक ऐसी साजिश जिसे ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ ने हवा दी है. इंटरव्यू के दौरान ममता ने दावा किया कि SIR और परिसीमन के बाद अगला नंबर एनआरसी (NRC) का होगा. अगर हमारी सरकार सत्ता में बनी रहती है, तो हम ऐसा हरगिज नहीं होने देंगे.
ममता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश को बांटने की कोशिश में पूरे देश को ही बांट रहे हैं. असल में यह योगी सरकार पर लगाम कसने की एक कोशिश है. परिसीमन को लेकर उन्होंने बीजेपी के अंदरूनी झगड़ों की ओर इशारा किया. ममता ने कहा कि SIR का मतलब है ‘स्पेशल इंटेंसिव डिलीशन’ लेकिन वे लोगों के नाम वोटर लिस्ट से सिर्फ इसलिए काट रहे हैं, क्योंकि उनमें सीधे मुकाबले का सामना करने की हिम्मत नहीं है. ममता ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाया और कहा कि बीजेपी चुनाव में आमना-सामना करने से डर रही है, इसलिए वह चुनाव आयोग के जरिए विपक्षी वोटरों के नाम कटवा रही है.


ममता ने केंद्र सरकार पर ‘बदले की राजनीति’ का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि I-PAC अधिकारी की गिरफ्तारी और उम्मीदवारों को ईडी के नोटिस भेजना डराने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रही है और ED, CBI और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों को उनके पीछे लगा दिया है. चुनाव जीतने के लिए करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए जा रहे हैं. ममता ने आगे कहा कि हम पर कई मोर्चों से हमले हो रहे हैं, फिर भी हम लोगों के लिए लड़ते रहेंगे. उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में मैं अकेली नहीं हू. मुझे 100 प्रतिशत लोगों का समर्थन हासिल है. ममता ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि 2026 के चुनावों में सत्ता उनके ही पास रहेगी.
