MLC चुनाव के बाद BJP-JDU में बढ़ी तल्खी? नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, बिहार NDA में हलचल तेज
पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बीच सबकुछ ठीक नहीं होने की चर्चा तेज हो गई है। जेडीयू के चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों ने सहयोगी दल बीजेपी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। इसी सियासी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। सम्राट चौधरी दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे के बाद मंगलवार रात पटना लौटे थे। हालांकि, मुख्यमंत्री ने मुलाकात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नीतीश कुमार को बधाई देने से जुड़ा बताया।नीतीश कुमार से मुलाकात पर सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें बधाई देने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने गाद नीति का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार इस मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं। अब उनके प्रयासों और सपनों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सम्राट चौधरी के मुताबिक, इस दिशा में केंद्र सरकार के स्तर पर भी पहल की गई है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ समझौता किया गया है। इससे बिहार में बाढ़ की समस्या से निपटने में मदद मिलने की उम्मीद है। गाद निकालने का काम सड़क परिवहन मंत्रालय के माध्यम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार में सुशासन को मजबूत किया और संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नीतीश कुमार के सुशासन की व्यवस्था को आगे बढ़ा रही है।
MLC चुनाव के बाद क्यों उठे बीजेपी-जेडीयू के रिश्तों पर सवाल?
बीजेपी और जेडीयू के बीच तनाव की अटकलों की मुख्य वजह हाल में हुए विधान परिषद चुनाव के नतीजे हैं। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के उम्मीदवार रहे आनंद पुष्कर ने हार के बाद चुनाव में बीजेपी की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि सहयोगी दल ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया।
आनंद पुष्कर ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि उनके साथ छल हुआ है। उन्होंने बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनके बयान के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक खटास की चर्चा तेज हो गई।
तिरहुत सीट पर हार के बाद अभिषेक झा भी नाराज
सारण के अलावा तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के उम्मीदवार रहे अभिषेक झा ने भी चुनाव परिणाम को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने सहयोगी दल की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखने के लिए संवाददाता सम्मेलन करने का ऐलान किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने इसे टाल दिया।

इन घटनाओं के बाद जेडीयू के भीतर चुनाव परिणाम और गठबंधन के सहयोग को लेकर असंतोष की चर्चा होने लगी। हालांकि, दोनों दलों के बीच किसी औपचारिक टकराव की पुष्टि नहीं हुई है।
निर्दलीय विजेताओं के बीजेपी को समर्थन से बढ़ी सियासी चर्चा
एमएलसी चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने जीत हासिल की थी। चुनाव परिणाम आने के बाद दोनों ने बीजेपी को समर्थन दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीजेपी कार्यालय पहुंचने से राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं।
इस घटनाक्रम के दौरान यह दावा भी सामने आया कि दोनों निर्दलीय विजेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ले ली है। हालांकि, विवाद बढ़ने पर बंशीधर ब्रजवासी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता नहीं ली, बल्कि बीजेपी को समर्थन दिया है।
बीजेपी ने समर्थन को बताया सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन को लेकर कहा था कि किसी निर्दलीय प्रत्याशी का किसी राजनीतिक दल को समर्थन देना गलत नहीं है। वहीं, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पार्टी दोनों निर्दलीय विजेताओं के बीजेपी के साथ जाने के मामले की समीक्षा करेगी।
फिलहाल, एमएलसी चुनाव के बाद सामने आई नाराजगी ने बिहार के सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन में आपसी तालमेल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, हालांकि मुख्यमंत्री ने इसे गाद नीति और प्रधानमंत्री की ओर से बधाई देने से जुड़ा बताया है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
