Friday, November 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू और ICAR-NBFGR के बीच हुआ बड़ा समझौता, छात्रों को मिलेंगे शोध और इंटर्नशिप के नए अवसर

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (ICAR-NBFGR) के बीच 4 नवंबर को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य शिक्षण, अनुसंधान, विस्तार और सामुदायिक सेवाओं के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को नए शैक्षणिक और अनुसंधान अवसर मिल सकेंगे।

शिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

इस समझौते के तहत दोनों संस्थान अपनी उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और विशेषज्ञता का साझा उपयोग करेंगे। इसके अंतर्गत शिक्षकों और कर्मचारियों का आदान-प्रदान किया जाएगा। स्नातक और परास्नातक विद्यार्थियों के साथ शोधार्थियों को अध्ययन, इंटर्नशिप और शोध के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा दोनों संस्थान संयुक्त संगोष्ठियों, सम्मेलनों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संकाय विकास कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। संयुक्त शोध परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध अनुदान हासिल करने की दिशा में भी मिलकर प्रयास किए जाएंगे।

विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर

एमओयू के तहत विद्यार्थियों और शोधार्थियों के शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोनों संस्थान संयुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम (MOOCs) संचालित करने के साथ तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान भी करेंगे। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और उन्नत शोध सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही, नए शोध क्षेत्रों में संयुक्त रूप से काम करने का रास्ता भी खुलेगा।

कुलपति बोले- संस्थानों के बीच सहयोग से बढ़ेगी शैक्षणिक गुणवत्ता

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की प्रगति में शैक्षणिक संस्थानों और राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग की अहम भूमिका होती है। ICAR-NBFGR के साथ हुआ यह समझौता विद्यार्थियों और शोधार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, उन्नत शोध सुविधाओं और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से जोड़ने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से दोनों संस्थानों के शिक्षकों और शोधार्थियों को संयुक्त अनुसंधान के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, अंतर्विषयक अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा और ज्ञान एवं तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान से शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर होगी। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक संबंध मजबूत करने के साथ शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो की निदेशक डॉ. काजल चक्रवर्ती और कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रो. संगीता सक्सेना, प्रो. आभा मिश्रा, प्रो. वी. एलोंगवान, डॉ. सुभाष मिश्रा, प्रो. सुभाष मिश्रा और डॉ. ताराचंद भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be