दिल्ली के स्कूल में अचानक गिरी 9 साल की बच्ची, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; CCTV में कैद हुई पूरी घटना
नई दिल्ली: दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बच्ची क्लासरूम में प्रवेश करने के कुछ देर बाद अचानक जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। स्कूल स्टाफ उसे संभालने की कोशिश करता है, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी बच्ची की मौत
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि मयूर विहार के लवली पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली एक बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स अस्पताल लाया गया है। सूचना में बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद पुलिस की टीम स्कूल पहुंची और घटना से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गई थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
क्लास में आते ही कुछ देर खड़ी रही, फिर अचानक गिर पड़ी
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि बच्ची किसी काम से बाहर गई थी और सुबह करीब 10 बजे वापस क्लास में पहुंची। उस समय कक्षा के अन्य बच्चे अपने काम में व्यस्त थे। बच्ची अंदर आने के बाद कुछ देर खड़ी रही। इसी दौरान वह असहज महसूस करने लगी और अचानक जमीन पर गिर गई।
बच्ची के गिरते ही क्लास में मौजूद बच्चों के बीच अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में एक शिक्षिका वहां पहुंचीं। उन्होंने बच्ची को उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह अचेत अवस्था में होने के कारण बैठ नहीं सकी।
इसके बाद शिक्षिका ने बच्ची के सीने पर हाथ से रगड़कर उसे संभालने का प्रयास किया। कुछ ही देर में वहां अन्य लोग भी जुट गए। बाद में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता और स्कूल अधिकारियों से पूछताछ करेगी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, बच्ची की अचानक हुई मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
जांच के तहत बच्ची के माता-पिता और स्कूल के अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी। उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, शिकायत का इंतजार
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
