Top Newsदेश

मोदी सरकार के 12 वर्ष: विकास, जनकल्याण और सुशासन पर केंद्रित रहा कार्यकाल, प्रधानमंत्री ने गिनाईं प्रमुख उपलब्धियां

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि इन वर्षों में बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल क्रांति तक भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार आगे भी सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर रहेगी।

गरीब कल्याण योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक घर बनाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10.5 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है।

महिला सशक्तिकरण को मिला बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। 32 करोड़ से अधिक जन धन खाते महिलाओं के नाम पर खोले गए हैं। लखपति दीदी कार्यक्रम के तहत 3 करोड़ महिलाओं की वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे अधिक हो चुकी है। इसके अलावा 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

बुनियादी ढांचे में तेज विस्तार
सरकार ने अपने कार्यकाल में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। इनमें अटल सेतु, सुदर्शन सेतु, चिनाब रेल पुल, बोगीबील पुल और पंबन सी ब्रिज जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। देश का मेट्रो नेटवर्क अब 26 शहरों में फैलकर 1,100 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। वहीं 164 वंदे भारत ट्रेनें देश में संचालित हो रही हैं और हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 हो गई है।

युवाओं और रोजगार पर जोर
प्रधानमंत्री ने बताया कि लगभग 2 करोड़ लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। मुद्रा योजना के तहत 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। देश में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं और 10,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिला है। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। देशभर में 19,000 से अधिक जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में मजबूती
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात बढ़कर 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया और भारतीय नौसेना के लिए नया ध्वज अपनाया गया है, जो देश की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पहले सत्ता केवल सत्ता बनाए रखने का माध्यम बन गई थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------