Wednesday, June 17, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

उड़ान अकादमी के नए केंद्र का उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित


गोंडा। आवास विकास स्थित उड़ान अकादमी के सफलतापूर्वक पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अकादमी की नई शाखा का उद्घाटन समारोह एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना शुक्ला एवं विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अकादमी के छात्र-छात्राओं एवं सदस्यों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गणेश वंदना, कालबेलिया नृत्य, गिद्दा, लोकनृत्य तथा शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. ज्योत्सना शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसी गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उड़ान अकादमी की निदेशिका आयुषी राज ने अकादमी की पांच वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्थान निरंतर बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के व्यक्तित्व विकास और फिटनेस के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने जुंबा, एरोबिक्स एवं डांस के क्षेत्र में अकादमी द्वारा प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक अकादमी के माध्यम से 500 से अधिक महिलाओं को शारीरिक रूप से फिट एवं स्वस्थ बनाने में सफलता प्राप्त हुई है।
श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्राओं में मान्यता टंडन, अनन्या श्रीवास्तव, शिवान्या वर्मा, तनु शुक्ला, अनन्या गुप्ता, पार्थ वर्मा, मिष्ठी, चीकू, रिद्धिमा, रिचल सिंह, राशि अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं सभी अतिथियों के प्रति आयोजिका आयूषी राज ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया

---------------------------------------------------------------------------------------------------