Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

प्रमुख सचिव/नोडल अधिकारी ने तहसील फरीदपुर में सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर संस्था का किया स्थलीय निरीक्षण

 

बरेली, 16 जून। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद बरेली के नोडल अधिकारी सौरभ बाबू ने आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तहसील फरीदपुर में सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर संस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेयरी संचालन, दुग्ध संग्रहण एवं प्रोसेसिंग से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने ग्राम बसावनपुर में कंपनी द्वारा स्थापित मिल्क कूलिंग प्वाइंट का भी निरीक्षण किया तथा वहां स्थापित डेयरी यंत्रों एवं दुग्ध संग्रहण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। प्रमुख सचिव ने डेयरी पर मौजूद महिला किसानों एवं पशुपालकों से संवाद कर डेयरी व्यवसाय से होने वाली आय के बारे में जानकारी ली, जिस पर किसानों द्वारा बताया गया कि कंपनी द्वारा निर्धारित समय पर दूध का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

प्रमुख सचिव ने किसानों को पशुपालन बढ़ाने तथा पशु ऋण लेकर डेयरी व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला किसानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी से दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने प्रतिदिन दूध संग्रहण एवं व्यवसाय विस्तार के लिए महिलाओं के प्रयासों को भी सराहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड 08 जनपदों में कार्यरत है। कंपनी के 09 मिल्क चिलिंग सेंटरों के माध्यम से 63,445 महिला किसानों से प्रतिदिन लगभग 2.30 लाख लीटर दूध एकत्रित कर उसे प्रोसेसिंग एवं पैकिंग फैसिलिटी तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रमुख सचिव ने महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन से जुड़ी इस संस्था की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और अधिक प्रयास किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्था से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता और आय में और वृद्धि हो सके। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन पर बल देते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनसे महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक स्तर मजबूत हो रहा है।

उक्त के उपरांत नोडल अधिकारी ने ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित सभागार की। बैठक में उन्होंने निर्धारित पैरामीटर की विकासखंडवार विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य की ससमय पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित भी किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखविंदर सिंह, खण्ड विकास अधिकारी, डी0एम0एम0, बी0एम0एम सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------