Featured NewsTop Newsदेशराज्य

मदरसों में अब गूंजेगा ‘वंदे मातरम’, बंगाल सरकार का बड़ा आदेश, सभी संस्थानों में लागू होगा नया नियम

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने मदरसा शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य के अल्पसंख्यक कार्य और मदरसा शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य कर दिया है। यह निर्देश सरकारी मदरसों के साथ-साथ सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त सभी मदरसों पर लागू होगा। अब सभी संस्थानों को इस आदेश का पालन करना जरूरी होगा।

राज्य सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब पिछले सप्ताह स्कूल शिक्षा विभाग ने भी प्रदेश के सभी स्कूलों को लेकर अहम निर्देश जारी किए थे। नोटिस में कहा गया था कि प्रत्येक दिन कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाए। सरकार ने निर्देश दिया था कि राज्य के सभी छात्र तत्काल प्रभाव से इस व्यवस्था का पालन करें।

केंद्र सरकार के निर्देश के बाद बढ़ी पहल

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार का यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय के जनवरी में जारी उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे व्यापक स्तर पर गाने की बात कही गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने स्कूलों और अब मदरसों में भी इसे अनिवार्य करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

पहले सुबह की सभा में गाया जाता था राज्य गीत

इससे पहले राज्य के स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘बांग्लार माटी बांग्लार जल’ गीत गाना अनिवार्य था। हालांकि नए आदेश में यह साफ नहीं किया गया है कि राज्य गीत को अब ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान के साथ जारी रखा जाएगा या नहीं। इसी को लेकर स्कूलों में चर्चा भी तेज हो गई है।

स्कूल प्रमुखों ने जताई व्यावहारिक चिंता

कुछ स्कूल प्रमुखों ने नए निर्देश को लेकर व्यावहारिक दिक्कतों की ओर भी इशारा किया है। एक स्कूल प्रमुख का कहना है कि राष्ट्रगान को हटाया नहीं जा सकता, क्योंकि वह अनिवार्य है। ऐसे में यदि ‘वंदे मातरम’ के साथ राज्य गीत भी जारी रहता है तो सुबह की सभा लंबी हो जाएगी और कक्षाएं शुरू होने में देरी हो सकती है। उनका कहना है कि छात्रों को लगातार तीन गीतों के लिए रोकना आसान नहीं होगा।

शिक्षा विभाग ने क्या कहा

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नए निर्देश में केवल ‘वंदे मातरम’ को लेकर आदेश जारी किया गया है। अधिकारी के मुताबिक स्कूल प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम’ शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि राज्य गीत को लेकर नोटिस में कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

कई स्कूलों में शुरू हुआ पालन

राज्य के कई स्कूलों ने नए आदेश को लागू करना भी शुरू कर दिया है। जादवपुर विद्यापीठ के प्रधानाध्यापक पार्थ प्रतिम बैद्य ने बताया कि उनके स्कूल में पिछले सप्ताह से राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम’ गाया जा रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------