प्रयागराज में ‘उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने पर भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र व सहायता

प्रयागराज, 20 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’’ पूर्ण होने के अवसर पर प्रभारी मंत्री, जनपद प्रयागराज एवं जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग) के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक शहर उत्तर हर्षवर्धन वाजपेयी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
9 दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित केन्द्र सरकार के 11 वर्षों तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित 9 दिवसीय प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने इसे जनहित में उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से प्रदर्शनी देखने की अपील की, जिससे वे विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस दौरान संस्कृति विभाग द्वारा पौराणिक एवं सांस्कृतिक पांडुलिपियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।
लघु फिल्म के माध्यम से विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण
जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पर आधारित तथा प्रयागराज मंडल एवं जनपद में हुए विकास कार्यों पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और अनुदान राशि का वितरण
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के कर-कमलों से विधवा पेंशन योजना की 5 लाभार्थियों लक्ष्मी देवी, सुमन लता जायसवाल, किरण चैरसिया, नीरू यादव, चंद्रकला को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वृद्धावस्था पेंशन योजना के 3 लाभार्थियों श्री राम सागर विश्वकर्मा, श्री विनोद सिंह तथा श्री अनिल को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों—श्रीमती अंजली देवी (70000 रुपये), श्रीमती सीमा देवी (66500 रुपये), श्री संदीप सिंह चौहान (50000 रुपये), सुश्री अर्चना (70000 रुपये) एवं श्री मुकेश कुमार यादव (50000 रुपये) को अनुदान राशि के डेमो चेक प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 5 लाभार्थियों श्री शिवसागर कुशवाहा, श्री शिवकरन सिंह, श्री रामसुमेर, श्री रामानन्द पटेल तथा श्री कल्लू सिंह को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 8 महिलाओं—बैंक सखी सीमा पाल, समूह सखी सविता देवी, स्वास्थ्य सखी मीना देवी, विद्युत सखी शकुन्तला, केयर टेकर सरिता, लखपति दीदी रिचा शर्मा, बीसी सखी नन्दिनी भारतीय एवं वीओ बुक कीपर नीतू भारतीय को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रभारी मंत्री द्वारा 3 महिलाओं की गोदभराई एवं 3 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
विकास, विश्वास और सुशासन की नई पहचान—प्रभारी मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में विकास, विश्वास और सुशासन की नई परिभाषा स्थापित की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और सेवा व सुरक्षा का सुशासन, निवेश का केंद्र, एक्सप्रेस-वे का सुदृढ़ नेटवर्क, सुशासन का मॉडल तथा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में अग्रणी राज्य के रूप में नई पहचान बना रहा है।

कानून व्यवस्था सुदृढ़, प्रदेश बना दंगा मुक्त
उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश की दशा और दिशा दोनों बदली हैं। कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे नागरिक भयमुक्त होकर आवागमन कर रहे हैं तथा महिलाओं और बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शांति का वातावरण स्थापित हुआ है और उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त बना है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है और वे विकास की मुख्यधारा में शामिल हुए हैं।
डबल इंजन सरकार में तेज हुआ आधारभूत ढांचा विकास
प्रभारी मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है। हाईवे, सड़कों और पुलों के निर्माण से जहां समय की बचत हुई है, वहीं विकास कार्यों को गति मिली है। प्रयागराज से काशी, मथुरा, चित्रकूट एवं अन्य जनपदों के लिए फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों, पुलों और आरओबी के निर्माण से जाम की समस्या में कमी आई है और आवागमन सुगम हुआ है। प्रयागराज से मेरठ को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे तथा रामवनगमन मार्ग का निर्माण कार्य भी पूर्णता की ओर है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को मिल रहा लाभ
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को पक्का आवास, गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन, नल से जल, राशन, शौचालय, शिक्षा और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाया जा रहा है।
बच्चों की शिक्षा और संस्कार पर ध्यान देने की अपील
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा, संस्कार और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बच्चों में मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके सीमित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के मूलमंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी, डीसी मनरेगा गुलाब चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा द्वारा किया गया।
