Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

प्रदेश सरकार के ‘‘सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति‘‘ के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तीन दिवसीय मेले/प्रदर्शनी का दूसरा दिन महिला सशक्तीकरण को रहा समर्पित

 

 

बरेली, 27 मार्च। मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग/प्रभारी मंत्री बरेली जे0पी0एस0 राठौर जी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश सरकार के ‘‘सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति‘‘ के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जी0आई0सी0 ऑडिटोरियम में जनपद के स्तर पर तीन दिवसीय मेले/प्रदर्शनी के दूसरे दिन कल महिला सशक्तीकरण पर आधारित कार्यक्रमों का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया गया।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल निर्देशन में कार्यक्रम का संचालन हुआ। जिलाधिकारी ने पूरे समय कार्यक्रम में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओ का जायजा लिया और मा0 जनप्रतिनिधियों व अपर पुलिस महानिदेशक परिक्षेत्र बरेली रमित शर्मा, मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बरेली डा0 राकेश सिंह का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत/अभिनन्दन किया और विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओ व बच्चियों को सांकेतिक चेक, टेबलेट व प्रमाण पत्रों का वितरण किया।

इस अवसर पर महाकुंभ प्रयागराज-2025 के सफल आयोजन पर केंद्रित लघु फिल्म एवं प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तैयार की गई विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

केन्द्र सरकार के 10 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के आठ वर्ष की उपलब्धियों तथा जनहित में क्रियान्वित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं/परियोजनाओं/कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन सूचना विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुंबई से आये कलाकारों ने देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति से समा बांध दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जिसका मा0 राज्य मंत्री सहकारिता विभाग/प्रभारी मंत्री व अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगण व अधिकारियों तथा जनसामान्य द्वारा अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए मा0 राज्य मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश को बदहाल प्रदेश से विकसित प्रदेश बनाने का काम हमारी सरकार ने किया है। कभी उत्तर प्रदेश दंगों के प्रदेश के रूप में जाना जाता था आज ना कर्फ्यू है ना दंगा है सब चंगा है। उत्तर प्रदेश में पहले सम्मेलन के लिए भी लोग नहीं आना चाहते थे। आज निवेश बढ़ रहा है, सबको उनकी योग्यता, क्षमता के अनुसार रोजगार मिल रहा था। पहले तमंचा उद्योग, कब्जा उद्योग, ट्रांसफर/पोस्टिंग उद्योग, अपहरण उद्योग चल रहा था। अब मा0 मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की दशा और दिशा बदल दी है आज उत्तर प्रदेश में अपराधी नहीं आना चाहते है ऑनलाइन पेशी करा रहे हैं। अपराधियों को जिला, प्रदेश, देश और दुनिया से भी बाहर किया जा रहा है। बहन-बेटियों के प्रति अपराध करने वालों की ना जेल होगी, ना बेल होगी, सीधे यमराज से मेल होगा। हमारी सरकार ने राशन कार्ड, धरौनी आदि में महिलाओं को मुखिया के रूप में स्थान दिया है।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश सरकार के 8 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन जनता को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस की ओर से महिलाओं की सुरक्षा हेतु 1090 टोल फ्री नम्बर की सुविधा है, बच्चियों को इव टिजिंग से बचाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड गठित किये गये हैं, घरेलू हिंसा से बचाव हेतु टोल फ्री नम्बर 181 संचालित है, परिवार परामर्श केन्द्र परिवारों को टूटने से बचाने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं महिलाओं के लिए चलाई जा रही हैं। महिलाओं को रोजगार प्राप्त करने के लिए भी विशेष योजनाएं चलाई जा रही है। अब महिलाएं घर की चारदीवारी से निकलकर प्रत्येक क्षेत्र में अपना परचम फहरा रही हैं।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि अब जनता में पुलिस के प्रति अधिक विश्वास पैदा हुआ है। महिलाओं की सुरक्षा हेतु महिला हेल्प डेस्क, एण्टी रोमियो स्क्वाड, पिंक बूथ व महिला बीट बनायी गयी हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा हेतु महिला बीट तैयार की गयी है जहां महिला कांस्टेबिल जाती है और लोगों को जागरूक करती है। महिला हेल्प डेस्क बनायी गयी है जहां महिलाएं बिना डरे अपनी शिकायत पुलिस को दर्ज करा सकती हैं। कोई महिला यदि रात को 112 पर कॉल करें, महिला को घर भी छोड़ा जाएगा। जनपद में 02 परिवार परामर्श केन्द्र संचालित हैं। पिंक बूथ बनाए गए हैं।

इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस ने अपने कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यातायात नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। कम्युनिकेशन तंत्र का क्षेत्रीय विस्तार किया गया है। हेल्पलाइन नम्बर 0581-2565758 एवं 9760160112 संचालित हैं। यातायात पुलिस की वेबसाइट भी है (गोल्डन आवर) में दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति की जान बचाने वाले व्यक्तियों को गुड सेमेरिटन के तहत सम्मानित व प्रोत्साहित भी किया जाता है। जनपद के 24 चौराहों को ठीक किया गया है। 85 अनाधिकृत कट बंद किये गये हैं। 33 ब्लैक स्पॉट्स में सुधार किया गया है तथा 14 अन्य ब्लैक स्पॉट चिन्हित किये गये हैं। 948 साइनेज लगाए गये। दो लाख 55 हजार वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए हैं।

महिला थाना से प्रतिक्षा चौधरी द्वारा साइबर अपराधों के प्रति बच्चियों व महिलाओं को जागरूक किया गया। बताया गया कि मिशन शक्ति के अन्तर्गत 118 साइबर सेल्स स्थापित किये गये हैं। 1535 थानों में शक्ति मोबाइल वाहन संचालित हैं। साइबर अपराधों की जानकारी देने हेतु टोल फ्री नम्बर 1930 संचालित है।

इस अवसर पर राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की महिलाएं आदेश, उपासना सक्सेना, मुस्कान शाक्य, पलक शर्मा, भगवती, कनिष्का वर्मा को अतिथिगणों के हाथों से टैबलेट प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना(कोविड) के अन्तर्गत लाभार्थी गीत जौहरी, दिव्यांशी, जागृति गुप्ता, मान्या मौर्य तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना(सामान्य) के अन्तर्गत लाभार्थी वाणी पाण्डेय, समृद्धि सिंह, कनक अग्रवाल, समृद्धि अग्निहोत्री और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत अनुष्का मिश्रा को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। बाल श्रम विद्या योजना के अंतर्गत रश्मि व उन्नति का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया।

स्वयं सहायता समूह के अन्तर्गत कार्य करने वाली बैंक सखी डिम्पल, पिंकी, राजश्री को मानदेय प्रदान किया गया। डेयरी उत्पादन हेतु सरोज को 75000 रुपये की धनराशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। आयुष्मान जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत लक्ष्मी देवी, रेखा व अनिता मिश्रा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों में मा0 महापौर डॉ0 उमेश गौतम, मा0 जिलाध्यक्ष भा0ज0पा0 आंवला आदेश प्रताप सिंह, मा0 जिलाध्यक्ष भा0ज0पा0 महानगर अधीर सक्सेना, मा0 विधायक मीरगंज डॉ0 डी0सी0 वर्मा, मा0 विधायक नवाबगंज डॉ0 एम0पी0 आर्य, अधिकारियों में अपर पुलिस महानिदेशक परिक्षेत्र बरेली रमित शर्मा, मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बरेली डॉ0 राकेश सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, एस0पी0 दक्षिणी, अपर नगर आयुक्त सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सकसेना की रिपोर्ट