उत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज का ओरिएंटेशन डे, नवप्रवेशी छात्राओं का भव्य स्वागत, व्यक्तित्व विकास पर दिया गया विशेष जोर

गोंडा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में बुधवार को बीए, बीकॉम और एमए प्रथम वर्ष की नवप्रवेशी छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के मिशन, उद्देश्यों, कार्यसंस्कृति और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना था, ताकि वे अपने नए शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके साथ ही महाविद्यालय की संस्थापिका की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के आरंभ में संगीत विभाग की शिक्षिका डॉ. मनीषा सक्सेना और जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

प्राचार्या ने छात्राओं को दिया प्रेरणादायी संदेश

प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला है। उन्होंने छात्राओं से अपनी प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी व संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में अपने परिवार और समाज का गौरव बढ़ा सकें।

महाविद्यालय की कार्यप्रणाली और नियमों से कराया परिचय

अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. हरप्रीत कौर ने छात्राओं को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, नियमों और शैक्षणिक व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। वहीं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैरशैक्षणिक कर्मचारियों से नवप्रवेशी छात्राओं का परिचय कराया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान योग विभाग की शिक्षिका समता धनकानी के निर्देशन में छात्राओं ने पैरोडी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं रेडियो जॉकी अदनान ने महाविद्यालय में संचालित रेडियो जॉकी व्यावसायिक पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए उसके महत्व से छात्राओं को अवगत कराया।

मोबाइल के जिम्मेदार उपयोग और अनुशासन पर दिया गया विशेष संदेश

-------------------------------------------------------------------------------------------

महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत ने छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं और नियमों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन के जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि यह आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसका सदुपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से महाविद्यालय के अनुशासन और गरिमा को बनाए रखने का भी आग्रह किया।

ओपन स्टेज पर नवप्रवेशी छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित ओपन स्टेज में नवप्रवेशी छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान शबा परवीन, श्रेया, अंशिका, संजना, रुचि दुबे, शुभी तिवारी, माही तिवारी और ईशा श्रीवास्तव समेत कई छात्राओं ने गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों का शिक्षकों और छात्राओं ने जोरदार तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

प्रतिभागियों को वितरित किए गए प्रमाणपत्र

कार्यक्रम की अतिथि महाविद्यालय प्रबंध समिति की सदस्य श्रीमती रेखा मोहन और रोमा निगम ने महाविद्यालय में आयोजित पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की मिस मोनिका श्रीवास्तव ने प्रभावशाली ढंग से किया। समापन ज्ञानस्थली गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं रहीं मौजूद

कार्यक्रम में श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. नीलम छबड़ा, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. साधना गुप्ता, कंचनलता पांडेय, सुनीता मिश्रा, सुनीता पांडेय, अनु उपाध्याय, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, डॉ. कुमकुम सिंह, सुषमा सिंह, प्रियंका त्रिपाठी, हिमांशी मिश्रा, तबरेज मंसूरी, राजेश मिश्रा, सुवेन्दु वर्मा, मानवेंद्र श्रीवास्तव सहित समस्त ज्ञानस्थली परिवार उपस्थित रहा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------