जनपद बरेली में संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल आयोजन

बरेली,01जून।उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालयों की संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन कल जनपद बरेली के 13 परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा का आयोजन बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा किया गया, जबकि जनपद बरेली में परीक्षा के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली को प्रदान की गई थी।

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत निर्देशन में परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संचालित किया गया। माननीय कुलपति द्वारा समय-समय पर परीक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिसके फलस्वरूप परीक्षा का आयोजन अत्यंत सफल एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।
जनपद बरेली में कुल 5561 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में आयोजित प्रश्नपत्र-I की परीक्षा में 5012 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 549 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में आयोजित प्रश्नपत्र-II की परीक्षा में 5023 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 538 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी श्री हरिश चन्द तथा नोडल समन्वयक प्रो. एस. के. पाण्डेय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। उनके निर्देशन में जनपद समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार एवं उप नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह द्वारा परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की सतत निगरानी, समन्वय एवं पर्यवेक्षण किया गया।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोजन विश्वविद्यालय बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि प्रो. एल. सी. साहू एवं श्री सुरेश मौर्य ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया की समीक्षा की। दोनों प्रतिनिधियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन की सराहना की।
परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए गोपनीय परीक्षा सामग्री के वितरण एवं संकलन की विशेष व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी के कुशल समन्वय में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से गोपनीय परीक्षा सामग्री को सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाया गया तथा परीक्षा सम्पन्न होने के उपरांत सुरक्षित रूप से वापस संकलित किया गया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए।

परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वित किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों (Observers) ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का सतत निरीक्षण कर परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की। सभी केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, कक्ष निरीक्षकों तथा परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ किया।
उल्लेखनीय है कि परीक्षा के दौरान जनपद के किसी भी परीक्षा केन्द्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना, अव्यवस्था, तकनीकी बाधा, नकल अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। संपूर्ण परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई, जो विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के उत्कृष्ट समन्वय और प्रतिबद्धता का परिचायक है।
इस अवसर पर कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी श्री हरीश चन्द ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी, आयोजन विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि प्रो. एल. सी. साहू तथा सभी केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, प्रेक्षकों तथा परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनपद समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी श्री हरीश चन्द, नोडल समन्वयक प्रो. एस. के. पाण्डेय, उप नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह, आयोजन विश्वविद्यालय बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी के प्रतिनिधि प्रो. एल. सी. साहू एवं श्री सुरेश मौर्य, अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सभी प्रेक्षकों (Observers), केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, कक्ष निरीक्षकों तथा परीक्षा कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के उत्कृष्ट समन्वय, सतर्कता, प्रतिबद्धता एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन जनपद बरेली में पूर्णतः सफल, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराया जा सका।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
