Sunday, April 26, 2026
Latest:
Featured NewsTop Newsराजनीति

PM मोदी बोले- 18 राज्यों में भाजपा की सरकार, 1300 से अधिक विधायक, लेकिन हमें रुकना नहीं है…

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अभी हमें थकना नहीं है और लगातार चलते रहना है। उन्होंने कहा कि आज 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है। 1300 से अधिक MLA हैं और 400 से ऊपर सांसद हैं। इन सफलताओं को हम देखते हैं तो स्वाभाविक मन आराम का होता है, किन्तु हमें सत्ता भोग ही करना होता, तो भारत जैसे विशाल देश में इतना पाकर हम आराम करने लगते। हमें यह रास्ता स्वीकार नहीं है।

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी हमें काफी काम करना है। आम जनता को जागरूक करना है और देश को विकास की राह पर निरंतर ले जाना है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने हमारे देश और दल के लिए जीवन खपाया है, उन्होंने हमें आराम की अनुमति नहीं दी है। मुझे खुशी है कि भाजपा के कार्यकर्ता अनवरत परिश्रम में लगे हुए हैं। जिस पार्टी के पास ऐसे कार्यकर्ता हों, उसे गर्व क्यों नहीं होगा। इस महीने केंद्र की भाजपा सरकार के 8 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

पीएम मोदी बोले कि यह 8 वर्ष संकल्प और सिद्धि के रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब देश के 130 करोड़ लोगों की आकांक्षाएं इस तरह जाग जाती हैं तो फिर सरकारों की जवाबदेही बढ़ जाती है। जब लोगों की आकांक्षाएं बढ़ती हैं तो फिर परिश्रम का जज्बा भी बढ़ जाता है। यही जज्बा आजादी के इस अमृत काल में देश को नई बुलंदियों पर ले जाएगा। भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते हमें आराम से बैठने का कोई अधिकार नहीं है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------