Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मसकनवा में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी राहत, करीब 89 करोड़ की परियोजना स्वीकृत, 22 करोड़ से अधिक की धनराशि जारी

मसकनवा (गोण्डा)।जनपद के मसकनवा बाजार क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र के लोगो के लिए अब रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने मसकनवा–लखपत नगर रेलवे स्टेशन के मध्य किमी 615/8-9,विधान सभा गौरा के डुमरिया गंज गौरा चौकी मसकनवा कटरा–अयोध्या मार्ग पर स्थित रेलवे समपार संख्या-237 स्पेशल पर दो लेन के ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति दे दी है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 8890.15 लाख रुपये (लगभग 89 करोड़ रुपये) निर्धारित की गई है। वहीं, प्रथम चरण में 2271.55 लाख रुपये (करीब 22 करोड़ रुपये) की धनराशि भी जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

ओवरब्रिज बनने से मसकनवा बाजार में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही,डुमरिया गंज गौरा चौकी कटरा–अयोध्या मार्ग पर आवागमन तेज और सुरक्षित हो जाएगा। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह राजा भैया ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।इसके लिए भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को क्षेत्र की जनता की तरफ से धन्यवाद ज्ञापित कर रहा हूँ

वहीं गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि मसकनवा क्षेत्र में लंबे समय से ओवरब्रिज की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस ओबरब्रिज के निर्माण से स्थानीय जनता को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी।

शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले तकनीकी स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही धनराशि का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाएगा। यदि परियोजना की लागत में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होती है तो पुनरीक्षित प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

इस स्वीकृति से क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------